Greater Noida News: सांपों की तस्करी और रेव पार्टियों के आयोजन के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे बिग बॉस ओटीटी विजेता और लोकप्रिय यूट्यूबर एल्विश यादव शुक्रवार को सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय में पेश हुए। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने अगली तारीख 6 फरवरी तय की है।
अधिवक्ता प्रशांत कुमार राठी ने दी जानकारी
इससे पहले एल्विश यादव 23 दिसंबर को होने वाली सुनवाई में कोर्ट में पेश नहीं हुए थे। पुलिस ने मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है, जिसकी पुष्टि एल्विश के अधिवक्ता प्रशांत कुमार राठी ने की है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें चार्जशीट की प्रमाणित कॉपी मुहैया करा दी गई है।
पीपुल फॉर एनिमल्स संस्था द्वारा दर्ज कराया गया मामला
नोएडा पुलिस ने पिछले साल एल्विश यादव को उसके दो साथियों के साथ गिरफ्तार किया था। तीनों फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। यह मामला सेक्टर-49 थाना क्षेत्र में तब दर्ज किया गया था, जब पीपुल फॉर एनिमल्स संस्था के पदाधिकारी गौरव गुप्ता ने यादव और उसके साथियों पर सांप के जहर के अवैध इस्तेमाल का आरोप लगाया था।

