Greater Noida News: दिवाली के त्योहार पर खाद्य एवं पेय पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने तथा लोगों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने छापेमारी अभियान चलाया है। इस अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने ग्रेटर नोएडा के कासना में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण कर नमूने एकत्रित किए। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा।
इन दुकानों से लिए गए नमूने
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, टीम ने ब्लिंकिट स्टोर से घी और सूजी के हलवे के नमूने एकत्रित किए। इस दौरान ग्रेटर नोएडा के पी3 स्थित केबी इंटरप्राइजेज से दूध और पनीर के नमूने एकत्रित किए गए। इसके अतिरिक्त स्वर्ण नगरी प्रतिष्ठान से दूध के नमूने एकत्रित किए गए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में अन्य खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने भी नमूने एकत्रित किए।
तीन दुकानों से लिए गए कुल 14 नमूने
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न दुकानों से कुल 14 नमूने एकत्रित किए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य त्योहारी सीजन के दौरान निवासियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य उत्पाद उपलब्ध कराना है।

