Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 22 व्यावसायिक भूखंडों की योजना लांच की है। इनमें 11 भूखंडों का फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) 2 है, जबकि अन्य 11 का एफएआर 4 है। अगर ये सभी भूखंड आवंटित हो जाते हैं तो ग्रेटर नोएडा में जल्द ही 22 नए शॉपिंग सेंटर स्थापित हो जाएंगे। इससे ग्रेटर नोएडा के निवासियों को रोजमर्रा की जरूरत की चीजें खरीदने में आसानी होगी। इससे मिलने वाली आय का उपयोग ग्रेटर नोएडा में विकास कार्यों में किया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर व्यावसायिक विभाग ने गुरुवार को 22 भूखंडों की योजना लांच की। प्राधिकरण के ओएसडी संतोष कुमार ने बताया कि इन भूखंडों के लिए 29 अगस्त से पंजीकरण शुरू हो गए हैं। इन भूखंडों का आकार 1500 वर्ग मीटर से लेकर 18279 वर्ग मीटर तक है। ये प्लॉट सेक्टर 10, सेक्टर 12, डेल्टा वन, सिग्मा टू, थ्री और फोर, एटा वन, केपी थ्री (तुगलपुर), चाई-फाई और जीटा वन में स्थित हैं।
19 सितंबर, 2024 तक करा सकते हैं पंजीकरण
ओएसडी संतोष कुमार ने बताया कि पंजीकरण 29 अगस्त से शुरू हो गए हैं और योजना के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 19 सितंबर, 2024 है। प्रोसेसिंग फीस और दस्तावेज जमा करने की अंतिम तिथि 23 सितंबर है और सभी दस्तावेज जमा करने की अंतिम तिथि 26 सितंबर है। इन प्लॉटों का आवंटन नीलामी के जरिए किया जाएगा और आवेदन से लेकर आवंटन तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। आवेदन एसबीआई पोर्टल के जरिए जमा किए जाएंगे।
एसबीआई पोर्टल से जुड़ा प्राधिकरण की वेबसाइट
एसबीआई पोर्टल को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की वेबसाइट से भी जोड़ा गया है, इसलिए आवेदक सीधे प्राधिकरण की वेबसाइट के जरिए भी आवेदन कर सकते हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि निवेशकों की मांग और ग्रेटर नोएडा निवासियों की जरूरतों को देखते हुए प्राधिकरण ने कमर्शियल प्लॉट योजना शुरू की है। आवंटन प्रक्रिया पूरी होते ही कब्जा दे दिया जाएगा। इन भूखंडों पर व्यावसायिक गतिविधियां शुरू होने से आसपास के निवासियों की दैनिक जरूरतें पूरी हो सकेंगी।

