Greater Noida: भारतीय किसान यूनियन (BKU) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत आगामी 30 दिसंबर को एक बार फिर ग्रेटर नोएडा का दौरा करेंगे। टिकैत के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों का बड़ा काफिला ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट पहुंचेगा। वहां एक महापंचायत का आयोजन होगा, जिसमें किसानों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
महापंचायत में जेल में बंद किसानों के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाए जाने की संभावना है। बता दें कि यह पंचायत उन किसानों के समर्थन में आयोजित की जा रही है, जिनकी लंबे समय से विभिन्न मांगें प्राधिकरण और सरकार के साथ अटकी हुई हैं।
क्या हैं किसानों की प्रमुख मांगें?
भारतीय किसान यूनियन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना ने बताया कि किसानों को अभी तक 64.7 प्रतिशत मुआवजा और 10 प्रतिशत प्लॉट नहीं मिले हैं। साथ ही 2013 का भूमि अधिग्रहण बिल भी अभी तक लागू नहीं किया गया है। ये वे मुद्दे हैं, जिनके चलते पिछले कई वर्षों से किसान आंदोलन कर रहे हैं।
पवन खटाना ने कहा, “हम लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर प्राधिकरण के साथ संवाद कर रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ। इसी वजह से 25 नवंबर से संयुक्त मोर्चा धरना दे रहा है। अब जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।”
धरने पर कार्रवाई से भड़का गुस्सा
किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार और प्राधिकरण ने धरने को खत्म करने के लिए दमनकारी नीतियों का सहारा लिया। संयुक्त मोर्चे के किसानों को जबरदस्ती गिरफ्तार कर जेल में बंद कर दिया गया। गौतमबुद्ध नगर के किसानों को उनके मुद्दों से भटकाने की कोशिश की गई।
पवन खटाना ने स्पष्ट किया, “हम अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं और जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।”
गांव मोहियापुर में हुई पंचायत
गांव मोहियापुर में किसानों की पंचायत आयोजित की गई, जहां इन सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। पंचायत में किसान नेता सुरेंद्र नागर, अनित कसाना, मटरू नागर, राजे प्रधान, विनोद शर्मा, ललित चौहान, और अन्य प्रमुख किसान मौजूद रहे।
ये भी पढें..
मौके पर मौजूद प्रमुख किसान नेता:
- सुरेंद्र नागर
- अनित कसाना
- मटरू नागर
- ललित चौहान
- भगत सिंह
- सूरज भाटी
- कपिल तंवर
- डॉक्टर जाकिर गुल हसन
- सोनू बैसला
- राहुल शर्मा
किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, वे एकजुट होकर अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। महापंचायत के जरिए किसानों को एक नई दिशा और मजबूती देने की योजना है।
आगामी महापंचायत पर नजर
30 दिसंबर को राकेश टिकैत की उपस्थिति में जीरो पॉइंट पर महापंचायत होगी, जो आंदोलन के भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

