Greater Noida के दादरी इलाके में बुधवार देर रात भारी बारिश के कारण दीवार गिर गई, जिससे उसके नीचे दबकर दो लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को तेज बारिश के बाद तिरुपति एन्क्लेव सोसायटी की दीवार पास की झुग्गी पर गिर गई। इस घटना में झुग्गी में रहने वाले दो बुजुर्गों की मौत हो गई।
पीड़ितों को निकालने के लिए पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ितों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान 62 वर्षीय सबूर और 50 वर्षीय अमीना के रूप में हुई है। यह घटना दादरी थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर कॉलोनी में हुई। Greater Noida में बुधवार शाम से शुरू हुई तेज बारिश के कारण देर रात तिरुपति एन्क्लेव कॉलोनी की दीवार पास की झुग्गी पर गिर गई।
Greater Noida में बारिश से भीषण गर्मी से निजात
गौरतलब है कि बुधवार शाम को नोएडा और Greater Noida में हुई भारी बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई लोगों के लिए आफत भी बन गई। देर रात तक लोग ट्रैफिक जाम से जूझते रहे। कई इलाकों में पेड़ गिरने और लंबे समय तक बिजली गुल रहने की भी खबरें सामने आईं। ट्रैफिक में फंसे लोगों की मदद के लिए पुलिस अधिकारियों को देर रात तक सड़कों पर रहना पड़ा।

