Greater Noida: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा शुरू की गई व्यावसायिक भूखंड योजना काफी सफल रही है। बुधवार को हुई ई-नीलामी में नौ भूखंडों में से एक भूखंड के लिए न्यूनतम मूल्य से 76 फीसदी अधिक बोली लगी। इस एक भूखंड से प्राधिकरण को सीधे तौर पर करीब 20 करोड़ रुपये का फायदा हुआ। दो भूखंडों के लिए न्यूनतम मूल्य से मात्र 4 फीसदी अधिक बोली लगी, जबकि एक भूखंड के लिए 5 फीसदी अधिक बोली लगी।
दिलचस्प बात यह है कि ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों में स्थित भूखंडों के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट के मुकाबले अधिक बोली लगी। कुल मिलाकर प्राधिकरण को 75 करोड़ रुपये से अधिक का फायदा हुआ है। प्राधिकरण ने 28 फरवरी को विभिन्न आकार के 18 व्यावसायिक भूखंडों की योजना शुरू की थी। ये भूखंड डेल्टा और अल्फा जैसे सेक्टरों में स्थित हैं।
श्री विनायक ग्रुप ने लगाई सबसे अधिक बोली
18 भूखंडों में से 9 भूखंडों के लिए बोली लगाने के लिए 38 आवेदक पात्र पाए गए। सभी भूखंडों के लिए न्यूनतम मूल्य निर्धारित किया गया। प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को हुई ई-नीलामी में सेक्टर अल्फा-2 में 2580 वर्ग मीटर का प्लॉट 45,36,39,512 रुपये में बिका। श्री विनायक ग्रुप ने सबसे अधिक बोली लगाई, जो न्यूनतम कीमत 25,77,49,740 रुपये से 76 फीसदी अधिक थी।
यह भी पढ़ें: Noida News : GST फर्म घोटाला केस में पुलिस का बड़ा एक्शन, 15 हजार करोड़ घोटाले में अब तक 47 की गिरफ्तारी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-10 में 10,600 वर्ग मीटर का प्लॉट 111,19,20,390 रुपये में बिका। पार्थ बिल्डटेक ने न्यूनतम कीमत से महज 5 फीसदी अधिक बोली लगाई। प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार ई-नीलामी के जरिए नौ व्यावसायिक भूखंड आवंटित किए गए हैं। बताया गया कि एक भूखंड के लिए न्यूनतम कीमत से 76 फीसदी अधिक बोली लगी। सफल आवेदकों को जल्द ही आवंटन पत्र जारी कर दिए जाएंगे। इससे व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इस नीलामी में बिल्डरों ने काफी रुचि दिखाई है।

