Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में किसानों ने गुरुवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ एनपीसीएल के दफ्तर का घेराव करते हुए महापंचायत शुरू कर दी है। किसानों की बड़ी संख्या को देखकर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। किसानों का आरोप है कि एनपीसीएल निरंतर गड़बड़ी कर रहा है, और ग्रामीणों को उनके मनमाने तरीके से बिल भेजकर वसूली की जा रही है।
एनपीसीएल ऑफिस में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर ग्रेटर नोएडा के तुगलकपुर स्थित एनपीसीएल दफ्तर पहुंचे हैं। उनकी मुख्य मांग है कि किसानों के बिजली बिल माफ किए जाएं, क्योंकि ये बिल गलत तरीके से जारी किए गए हैं। प्रदर्शन के चलते एनपीसीएल दफ्तर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है, और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। यह प्रदर्शन किसान एकता संघ के नेतृत्व में हो रहा है, जिसमें महापंचायत का आयोजन भी किया जा रहा है।
अवैध वसूली का आरोप
किसानों का कहना है कि भले ही उन्होंने पैसा जमा कर दिया हो, लेकिन उनके बिजली बिल नहीं हटाए जा रहे हैं। नए कनेक्शन के नाम पर किसानों से अवैध पैसे वसूले जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति सही तरीके से नहीं की जा रही है, और डूब क्षेत्र में एनपीसीएल के कर्मचारी कनेक्शन नहीं दे रहे हैं, इसके साथ ही मनमाने पैसे भी वसूले जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें..
PM Modi: कटरा रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तीखा हमला, राहुल गांधी पर साधा निशाना
12 सूत्रीय समस्याओं पर किया जा रहा प्रदर्शन
किसानों ने स्पष्ट किया है कि वे अपनी 12 सूत्रीय समस्याओं को लेकर पुरजोर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है कि क्षेत्रीय किसानों के अधिकारों का हनन न हो। जब तक एनपीसीएल के अधिकारी उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देंगे, तब तक उनका धरना और प्रदर्शन जारी रहेगा। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे यहीं धरने पर बैठ जाएंगे।

