Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में स्थित यमुना एक्सप्रेसवे पर रंजिश के चलते एक कंपनी के रिटेल मैनेजर और उसके भाई पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने लोहे की रोड से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में दोनों को गंभीर चोट आई है। जिनका ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस संबंध में पीड़ित पक्ष ने एक नामज़द तीन हमलावरों के खिलाफ कोतवाली में सोमवार को केस दर्ज कराया है।
रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के रोनिजा गांव निवासी प्रमोद कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह ग्रेटर नोएडा में स्थित एक कंपनी में रिटेल मैनेजर है। उन्होंने बताया कि रविवार की देर रात वह कंपनी की ऑफिस से अपने साथ काम करने भाई कन्हैया के साथ बाइक पर सवार होकर ग्रेटर नोएडा से यमुना एक्सप्रेसवे का रास्ते अपने गांव को लौट रहे थे। उसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर आए तीन हमलावरों ने पीछे से दोनों भाइयों की बाइक को ओवरटेक कर रुकवा लिया। हमलावरों ने इस दौरान लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में प्रमोद और कन्हैया को गंभीर चोट आई है। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर दोनों भाइयों को लहूलुहान स्थिति में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने हमले के दौरान आरोपी की पहचान की
पीड़ित प्रमोद का कहना है कि इस दौरान उन्होंने मुख्य आरोपी दादरी कोतवाली के पल्ला गांव निवासी सचिन को पहचान लिया। पुलिस को दी शिकायत में प्रमोद ने बताया है कि सचिन उनके साथ कंपनी में काम करता था। जो उनका जूनियर था। काम में लापरवाही बरतने की वजह से उन्होंने उसकी कंपनी के अधिकारियों से शिकायत कर दी थी। जिसके चलते सचिन को नौकरी से हटा दिया गया था। इसी को लेकर सचिन ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों भाइयों पर जानलेना हमला किया है।
यह भी पढ़ें: Greater Noida पुलिस को मिली बड़ी सफलता,निर्माणधीन साइट से चोरी करने वाले गैंग का किया पर्दाफाश
कोतवाली प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर 3 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

