ग्रेटर नोएडा/दादरी। छपरौला गांव के पास बृजविहार कॉलोनी में मंगलवार दोपहर बाइक सवार दो हमलावरों ने घर में घुसकर महिला सोनी (28) की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस को मौके से तीन खोखे मिले हैं। वह पहले पति विनोद को छोड़कर करीब एक साल से आरटीओ में एजेंट का काम करने वाले मौसम कुमार के साथ रह रही थी। मौसम ने सोनी को अपनी पत्नी बताया और विनोद पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस की तीन टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
जीटी रोड स्थित छपरौला गांव के पास बृज विहार कॉलोनी में सोनी दस वर्षीय बेटी और मौसम कुमार के साथ रहती थी। मूलरूप से बिहार निवासी सोनी की शादी बिहार के रहने वाले विनोद से हुई थी। मौसम नोएडा स्थित कार्यालय में परिवहन कार्यालय परिसर में एजेंट का काम करता है। मंगलवार को बाइक सवार दो नकाबपोश महिला के घर पहुंचे। आरोपियों ने दरवाजा खुलवाया और कुछ पूछताछ के बाद उसके सिर में गोली मार दी। गोलियां चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी सोनी के घर की तरफ दौड़ पड़े और उन्होंने आरोपियों को घेरने का भी प्रयास किया लेकिन हमलावर फायरिंग करते हुए भाग गए। लोगों का कहना है कि हमलावरों ने पांच गोली चलाईं, लेकिन पुलिस ने तीन गोली चलने की जानकारी दी है। आसपास के लोग सोनी को अस्पताल ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
डीएल बनवाने की कहकर घर में घुसे
पुलिस ने बताया कि घर में घुसते ही आरोपियों ने नकाब हटा लिया था। इसके बाद सोनी से कहा कि वह ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना चाहते हैं। सोनी ने कहा कि मौसम घर नहीं हैं, उनसे बात करा दो। सोनी ने अपने मोबाइल से ही मौसम को कॉल लगाकर हमलावरों की बात कराई। फोन कटते ही हमलावरों ने गोली चला दी।
सीसीटीवी में कैद हुए हमलावर
घर में घुसने के बावजूद हमलावरों ने सोनी से कॉल कराकर मौसम से बात की। इससे आशंका है कि हमलावरों को सोनी की पहचान नहीं थी और हत्या सुपारी देकर कराई गई है। पुलिस की जांच में आरोपी वारदात के लिए आते-जाते सीसीटीवी में कैद हुए हैं
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। एक टीम सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। दो टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। – सुनीति, सेंट्रल जोन

