Greater Noida: दादरी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सोनू उर्फ निजाम (30) के रूप में हुई है, जो बागपत जिले के थाना खेकड़ा के नई बस्ती पट्टी मुडाला नाला का रहने वाला है।
मुठभेड़ में घायल हुआ इनामी बदमाश
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एडीसीपी अशोक कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि पुलिस टीम बसंतपुर बागर इलाके में चेकिंग कर रही थी, तभी एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया।
पुलिस पर की थी फायरिंग
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली से वह घायल हो गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
ये भी पढें..
Delhi: दिल्ली विधानसभा सत्र का तीसरा दिन: विपक्षी विधायकों को एंट्री से रोका गया
तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच में सामने आया कि सोनू उर्फ निजाम ने वर्ष 2022 में अपने आठ साथियों के साथ मिलकर लोहे की चद्दरों से भरे ट्रक को लूटा था। इस मामले में पुलिस पहले ही ट्रक और लूटे गए सामान के साथ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। लेकिन सोनू पिछले तीन वर्षों से फरार था।
गाजियाबाद-बागपत में सात मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, सोनू उर्फ निजाम के खिलाफ गाजियाबाद, बागपत और गौतमबुद्ध नगर में कुल सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य आपराधिक मामलों की जांच जारी है।

