भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर – गावस्कर ट्रॉफी के तहत खेले जा रहे चौथे क्रिकेट टेस्ट मैच का आज तीसरा दिन है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के 480 रनों के जवाब में मजबूत शुरुआत की है। भारत के कल सधी हुई शुरुआत की थी लेकिन आज भारत ने सूझ बुझ से खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया को करारा जवाब दिया है। चायकाल से ठीक एक ओवर पहले सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने अपना दूसरा टेस्ट शतक जमाया लेकिन उसी ओवर की आखिरी गेंद पर अच्छा खेल रहे चेतेश्वर पुजारा टॉड मर्फी का शिकार हो गए। मर्फी ने उन्हें पगबाधा आउट किया। पुजारा 121 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए।
गिल और पुजारा ने शतकीय साझेदारी कर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को खूब परेशान किया। गिल ने 194 गेंदों का सामना करते हुए अपना दूसरा टेस्ट शतक पूरा किया। इससे पहले, कप्तान रोहित शर्मा 35 रन बनाकर आउट हुए थे. भारत ने चायकाल तक 2 विकेट के नुकसान पर 188 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल और विराट कोहली क्रीज पर मौजूद हैं। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 480 रन बनाए थे। उस्मान ख्वाजा ने सर्वाधिक 180 रन बनाए थे। भारत के लिए आर अश्विन ने 6 विकेट झटके थे।

