Ghaziabad: ओयो होटलों में अविवाहित जोड़ों के चेक-इन पर रोक लग गई है। कंपनी की नई पॉलिसी के अनुसार, कोई भी जोड़ा होटल में चेक-इन करना चाहता है तो उन्हें अपने आपसी रिश्ते का वैध प्रमाण देना होगा। ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा बरकरार है, लेकिन प्रमाण न देने की स्थिति में होटल चेक-इन संभव नहीं होगा।
गाजियाबाद में हाल ही में अवैध रूप से संचालित 192 होटलों के सील होने के बाद ओयो की यह नई नीति अहम मानी जा रही है। हालांकि, फिलहाल इसे मेरठ में लागू किया गया है। ओयो ने यह निर्णय स्थानीय सामाजिक और सांस्कृतिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए लिया है।
अविवाहित जोड़ों की बुकिंग नहीं होगी स्वीकार
ओयो कंपनी ने अपने पार्टनर होटलों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अविवाहित जोड़ों की बुकिंग तब तक स्वीकार न की जाए जब तक कि उनके रिश्ते का कोई मान्य प्रमाण प्रस्तुत न किया जाए। ओयो के रीजनल हेड पावस शर्मा ने कहा, “ओयो की अपनी एक साख है। हम आतिथ्य सेवा में बेहतरीन मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हालांकि, सामाजिक जिम्मेदारियों और बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।”
मेरठ में इस निर्णय के लागू होने के बाद गाजियाबाद में भी इसी तरह की मांग उठना स्वाभाविक है।
गाजियाबाद में 192 होटल सील, अवैध संचालन का मामला
गाजियाबाद में हाल ही में 192 होटलों को सील किया गया, जो बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे थे। इनमें से कुछ होटल ओयो ब्रांड का नाम भी इस्तेमाल कर रहे थे। नए साल पर जिन होटलों का सराय एक्ट के तहत पंजीकरण नहीं मिला, उन्हें प्रशासन ने सील कर दिया।
ये भी पढें..
Greater Noida: हाइड पार्क सोसाइटी में एओए के खिलाफ बड़ा हंगामा, 300 निवासियों ने किया प्रदर्शन
पुलिस और प्रशासन ने सिटी जोन में 122, ट्रांस हिंडन जोन में 160 और देहात जोन में 108 होटलों की जांच की थी। इस दौरान सिटी जोन में 56, ट्रांस हिंडन जोन में 82 और देहात जोन में 54 अवैध होटल सील किए गए।
ओयो की यह नई पॉलिसी और गाजियाबाद में हुए प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अन्य शहरों में भी होटलों के पंजीकरण और नियमों को लेकर कड़े कदम उठाए जाने की संभावना बढ़ गई है।

