Ghaziabad: गाजियाबाद में घर बैठे मोटी कमाई का सपना संजोने वाले दो युवकों को साइबर ठगों ने लाखों का चूना लगा दिया। ठगी का यह मामला गाजियाबाद के टीला मोड़ थानाक्षेत्र का है, जहां होटल रेटिंग और ऑनलाइन रिव्यू के बहाने युवकों को ठग लिया गया। पीड़ितों से शुरू में छोटे निवेश पर अच्छा रिटर्न देकर उनका भरोसा जीता गया और फिर लाखों रुपये की ठगी कर ली गई।
टेलीग्राम पर मिला था कमाई का ऑफर
टीला मोड़ के श्रीराम कॉलोनी निवासी अरविंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें टेलीग्राम पर एक ऑफर मिला, जिसमें घर बैठे होटल की रेटिंग बढ़ाने और ऑनलाइन रिव्यू करने के बदले रोजाना 6-8 हजार रुपये कमाई का दावा किया गया था। इसके लिए एक पैकेज खरीदने की शर्त रखी गई।
ऑफर अच्छा लगने पर अरविंद ने मैसेज भेजने वाले नंबर पर संपर्क किया, जिसके बाद उन्हें एक वेबसाइट पर लॉगिन करने को कहा गया। शुरुआत में तीन दिनों तक रिव्यू करने पर रोजाना उनके खाते में 8 हजार रुपये आए। इसी लालच में आकर उन्होंने कई बार में 3.33 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगों ने उनसे संपर्क करना बंद कर दिया।
भोपुरा निवासी सोनू के साथ भी हुई ठगी
एक और मामला भोपुरा निवासी सोनू के साथ हुआ। सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि टेलीग्राम के एक ग्रुप से उन्हें ऑनलाइन टास्क के जरिए रोजाना कमाई का ऑफर मिला। उन्हें बताया गया कि 9 हजार रुपये का निवेश करने पर 12 हजार रुपये मिलेंगे। सोनू ने पैसे निवेश किए, लेकिन जब रुपये निकालने की बारी आई तो और पैसे मांगे गए। उन्होंने ठगों के झांसे में आकर और पैसे भी दिए, लेकिन अंततः उनके कुल 3.54 लाख रुपये ठग लिए गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पीड़ितों से मिली जानकारी और बैंक खातों की डिटेल के आधार पर ठगी गई रकम को फ्रीज करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के घर बैठे कमाई के झांसे में न आएं। किसी भी ऑफर की सच्चाई की पूरी जांच करें और सतर्क रहें।
ये भी पढें..
सावधानी ही बचाव
साइबर ठगों का शिकार बनने से बचने के लिए लालच से दूर रहें। याद रखें, मेहनत के बिना कमाई का कोई भी तरीका फरेब से भरा हो सकता है। यदि कोई ऐसा ऑफर मिलता है तो तुरंत सतर्क हो जाएं और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें।

