Ghaziabad: गाजियाबाद में भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग काफी बढ़ गई है, जिससे ट्रांसफार्मरों पर दबाव बढ़ गया है। शनिवार रात को मुरादनगर कस्बे की करीब 17 कॉलोनियों में 12 घंटे तक बिजली गुल रही, जिससे लोगों को गर्मी से परेशान होना पड़ा। घंटों की मशक्कत के बाद रविवार सुबह बिजली बहाल हो सकी। इसके अलावा, शहर की मुख्य सड़क पर जिला पंचायत मार्केट के पास ट्रांसफार्मर की लीड में आग लग गई, जिससे आसपास के इलाकों की बिजली गुल हो गई।
रात 9 बजे से रविवार सुबह तक बिजली गुल
मुरादनगर के फीडर वन से मेन बाजार, व्यापारियान, पाइपलाइन रोड, रावली रोड, चुंगी नंबर तीन, सरना वाली गली, सरना, जीतपुर, इंद्रपुरी और केला मंडी समेत 17 कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति होती है। रात करीब 9 बजे अचानक बिजली चली गई। देर रात तक बिजली नहीं आई तो लोगों ने बिजली सबस्टेशन पर फोन किया, जहां बताया गया कि ओवरलोडिंग के कारण बिजली बहाल नहीं हो पा रही है। जब भी बिजली बहाल होती, तो फिर से कट जाती। रात में गुल हुई बिजली रविवार को सुबह करीब 10 बजे बहाल हो सकी। 12 घंटे से अधिक समय तक गुल रही बिजली ने लोगों को काफी परेशान किया। इसके अलावा मुख्य बाजार में जिला पंचायत मार्केट के पास लगे ट्रांसफार्मर की लीड में आग लग गई, जिससे ऊंची लपटें उठने लगीं। आग पर काबू पाने के लिए बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।
ये भी पढ़ें..
Noida: मंदिर परिसर में समाधि बनाने को लेकर विवाद, दलित और यादव समुदाय के लोग आपस में भिड़े
ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई
एसडीओ नितिन आनंद ने बताया कि मौजूदा ट्रांसफार्मर की क्षमता लोड के हिसाब से अपर्याप्त है। इस समस्या से उच्चाधिकारियों को लिखित रूप से अवगत करा दिया गया है। साथ ही अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर अवगत कराया गया है कि फीडर वन में कर्मचारियों की संख्या मानक से कम है। इस कमी के कारण फाल्ट होने पर उसे ठीक करने में दिक्कत होती है।

