Ghaziabad: गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थानाक्षेत्र के बदरपुर गांव में चार दिन से गायब बेटे को ढूंढने निकले राशिद की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए मुजफ्फरनगर निवासी गुलफाम और शहनाज को गिरफ्तार किया है। गुलफाम कवाल कांड में मर्डर के आरोप में 11 साल की जेल काट चुका है। पुलिस ने आरोपियों के पास से राशिद का मोबाइल, खून में सने कपड़े और हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद किया है। इस मामले में महताब, जावेद और सुहेल की तलाश जारी है।
बेटे की तलाश में निकले राशिद की हत्या की वजह
राशिद का 10 वर्षीय बेटा सूफियान 13 सितंबर से गायब था। उसे आखिरी बार पड़ोसी महताब के कब्जे से छुड़ाया गया था, जब महताब ने सूफियान पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाकर उसकी पिटाई की थी। चार दिन तक बेटे का पता न लगने पर राशिद ने महताब पर आरोप लगाते हुए धमकी दी कि अगर उसका बेटा नहीं मिला तो वह महताब को जेल भिजवाएगा। इसी डर से महताब ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर राशिद की हत्या की साजिश रची।
गुलफाम, जावेद और सुहेल ने मिलकर दिया वारदात को अंजाम
डीसीपी रूरल सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि महताब का संबंध आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से है। जेल में रहते हुए उसकी मुलाकात कवाल कांड के आरोपी गुलफाम से हुई थी, जिसे उसने मुंह बोला बेटा बना लिया था। महताब ने गुलफाम को फोन कर पूरी घटना बताई और राशिद से पीछा छुड़ाने की बात कही। गुलफाम, जावेद और सुहेल ने 16 सितंबर की रात को राशिद को महताब के घर के पीछे दबोच लिया और डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद धारदार हथियार से राशिद के चेहरे पर भी कई वार किए गए और शव को हारुन के धान के खेत में फेंक दिया गया।
ये भी पढ़ें..
Raghav Chaddha: राघव चड्ढा ने की केंद्र सरकार से मांग, अरविंद केजरीवाल को सरकारी आवास दिया जाए
मुजफ्फरनगर भागने की कोशिश में गिरफ्तार हुए गुलफाम और शहनाज
हत्या के बाद गुलफाम ने शहनाज के कहने पर खून से सने कपड़े बदल दिए। शहनाज ने गुलफाम के खून से सने कपड़े छिपा दिए, जो पुलिस ने शहनाज की निशानदेही पर बरामद किए। साथ ही राशिद का मोबाइल फोन और डंडा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने मुजफ्फरनगर भागने की कोशिश कर रहे गुलफाम और शहनाज को ट्रोनिका सिटी थानाक्षेत्र के अखाड़ा मंदिर चौराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अभी जावेद, सुहेल और महताब की तलाश में जुटी है।
जांच जारी
डीसीपी सुरेंद्रनाथ तिवारी के अनुसार पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही बाकी फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

