Ghaziabad: गाजियाबाद मेैं बारिश के कारण हो रही फिसलन ने बदमाशों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कभी उनकी स्कूटी फिसलती है, तो कभी बाइक। पुलिस की सतर्कता और बारिश के चलते, टीला मोड़, शालीमार गार्डन और विजयनगर क्षेत्र में कई बदमाशों को पकड़ने में सफलता मिली है। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को विजयनगर और शालीमार गार्डन थानाक्षेत्र में हुई दो मुठभेड़ों में दो बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गए, जबकि उनके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
शालीमार गार्डन में स्कूटी फिसली, मुठभेड़ में बदमाश घायल
शनिवार रात को शालीमार गार्डन थानाक्षेत्र के राजेंद्र नगर सेक्टर-तीन में चेकिंग के दौरान पुलिस ने वजीराबाद रोड की ओर से आ रही स्कूटी को रुकने का इशारा किया। बदमाश मुड़कर भागने लगे, लेकिन कुछ ही दूरी पर उनकी स्कूटी फिसल गई। घिरने पर बदमाशों ने पुलिस पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गया, जबकि उसका साथी भाग निकला।
घायल बदमाश ने अपना नाम मंसूर खान उर्फ राजू बताया, जो शहीदनगर का निवासी है। पुलिस ने मौके से भाग रहे उसके साथी वाजिद उर्फ दानिश को भी दबोच लिया। मंसूर पर दिल्ली-एनसीआर में आधा दर्जन केस दर्ज हैं, जबकि वाजिद पर लूट और चोरी के एक दर्जन से अधिक मामले हैं।
विजयनगर में भी बाइक फिसली, दो बदमाश दबोचे गए
रविवार रात विजयनगर थाना क्षेत्र में बिजलीघर चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया, लेकिन वे डीपीएस की ओर भागने लगे। दोनों ओर से पुलिस के घिरने पर उनकी बाइक फिसल गई। हड़बड़ाहट में पीछे बैठे युवक ने पुलिस पर गोली चलाई, लेकिन जवाबी गोलीबारी में वह घायल हो गया।
पुलिस ने घायल बदमाश और उसके साथी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पूछताछ में घायल युवक ने अपना नाम हर्ष और बाइक चालक ने अंशू बताया। दोनों ने शनिवार को स्नेचिंग की दो वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की। उनके पास से पुलिस ने तीन मोबाइल, एक तमंचा और काली टीवीएस बाइक बरामद की।
ये भी पढें..
Noida:नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के कामकाज की सीएम योगी करेंगे समीक्षा
बारिश के मौसम ने अपराधियों की मुश्किलें बढ़ाई
बारिश और फिसलन के कारण बदमाश पुलिस के शिकंजे में आ रहे हैं। इन मुठभेड़ों और गिरफ्तारियों के बाद पुलिस को उम्मीद है कि क्षेत्र में अपराधों पर लगाम लगेगी और जनता को राहत मिलेगी।

