Ghaziabad News : गाजियाबाद के थाना साहिबाबाद के अर्थला में एक युवक की कुछ युवकों ने पिटाई कर दी। इसी दौरान पीड़ित युवक के सिर पर शराब की बोतल भी मारी गई। आरोप है की बाइक हटाने को लेकर शराब के नशे में युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है साथ ही एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
पीड़ित के पिता ने बताई पूरी घटना
गाजियाबाद के थाना साहिबाबाद क्षेत्र के अर्थला में रहने वाला 23 साल का आकाश पाल दिल्ली में मैकेनिक का काम करता है। आकाश पाल के पिता वेद प्रकाश पाल ने बताया कि उनका बेटा अर्थला में मेन रोड बड़ी मस्जिद के पास चाऊमीन खा रहा था। इस दौरान रॉबिन डबास सुमित डबास और अन्य युवक मोटरसाइकिल पर आए आकाश पाल की भी मोटरसाइकिल वहीं खड़ी थी वेद प्रकाश पाल के मुताबिक मोटरसाइकिल हटाने को लेकर आरोपी युवकों ने पहले उसके बेटे के साथ मारपीट की और इस दौरान उसके सिर पर शराब की बोतल दे मारी। आरोप है कि इसी दौरान उसे दुकान के अंदर ले जाकर और मारा गया। आकाश बचकर जब बाहर निकाला तो उसकी और पिटाई की गई।
एक आरोपी हिरासत में लिया गया
इस मामले में एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित युवक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है मेडिकल कराया जा रहा है, साथ ही एक आरोपी युवक को हिरासत में लिया गया है।यह सारी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़ित के पिता के मुताबिक आरोपी युवक शराब के नशे में थे।

