Ghaziabad News: गाजियाबाद के मोदीनगर इलाके में बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। एक युवती ने मोदीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है, जिसमें आरोप लगाया है कि उसके मौसा ने उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया। पिछले दो साल से आरोपी युवती को इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज भी भेज रहा था। आरोपी बुलंदशहर जिले का रहने वाला है।
भाई दूज के मौके पर युवती जब ननिहाल गई थी, जहां उसकी मौसी और मौसा भी मौजूद थे। आरोप है कि लंबे समय से अश्लील मैसेज भेजकर परेशान कर रहे मौसा ने मौके का फायदा उठाते हुए उसे कमरे में अकेला पाया। उसने उसे गलत तरीके से छुआ, छेड़छाड़ की और मारपीट का प्रयास किया। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके मौसा ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
मौसा ने उसके घर पर भी अपनी हरकत दोहराई
युवती ने पहले तो सामाजिक कलंक के डर से घटना को भूलने की कोशिश की। लेकिन मौसा ने उसकी चुप्पी को गलत समझा। वह मोदीनगर स्थित उसके घर गया और मौका मिलते ही वही हरकतें दोहराई। इस बार युवती ने चुप न रहने का संकल्प लिया। उसने अपने परिजनों को पूरी बात बताई, लेकिन उन्होंने मामले को दबाने की कोशिश की। आरोप है कि उसके पिता और चाचा ने उसके साथ मारपीट की और घर से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी।
यह भी पढ़ें: Noida: नोएडा में एमिटी यूनिवर्सिटी के छात्र ने सातवीं मंजिल से कूदकर दी जान, पुलिस ने गर्लफ्रेंड को किया गिरफ्तार
युवती ने दर्ज कराया मामला
दो दिन पहले युवती किसी तरह मोदीनगर थाने पहुंची और पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
पुलिस जांच जारी
एसीपी मोदीनगर श्वेता यादव ने युवती की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किए जाने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि आरोप बेहद गंभीर हैं और पुलिस गहन जांच कर रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। रिश्तेदार द्वारा इस तरह का व्यवहार किए जाने का आरोप बेहद गंभीर मामला है।

