Ghaziabad News: जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रविवार को प्रस्तावित गाजियाबाद दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद घोषित राष्ट्रीय शोक के कारण नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम टाल दिया गया है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 दिसंबर को साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर (दिल्ली) के बीच नमो भारत ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दिखाने वाले थे। हालांकि अभी तक प्रधानमंत्री का कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ था। इसके बावजूद पिछले तीन दिनों से गाजियाबाद जिला प्रशासन और एनसीआरटीसी के विभिन्न अधिकारी तैयारियों में जुटे रहे। एसपीजी ने भी कार्यक्रम स्थल का दौरा किया था। एडीएम सिटी गंभीर सिंह ने पीएम के कार्यक्रम के स्थगित होने की पुष्टि की है।
क्या था पीएम का कार्यक्रम
रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साहिबाबाद आरआरटीएस स्टेशन से न्यू अशोक नगर (दिल्ली) के बीच आरआरटीएस ट्रैक पर नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखानी थी। महीनों के ट्रायल रन के बाद 12 किलोमीटर का ट्रैक पूरी तरह तैयार है और सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन को प्रस्तावित कार्यक्रम मिलने के बाद बुधवार को अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी। पहले दिन एसपीजी की टीम ने गाजियाबाद के अधिकारियों के साथ साहिबाबाद आरआरटीएस स्टेशन का दौरा किया और हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए कई स्थानों का निरीक्षण किया।
मुख्य सचिव ने की वीडियो कांफ्रेंसिंग
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री को पहले हवाई मार्ग से हिंडन पहुंचना था और फिर सड़क मार्ग से साहिबाबाद आरआरटीएस स्टेशन पहुंचकर समारोह में शामिल होना था, जिसके बाद उनका नमो भारत ट्रेन से दिल्ली जाने का कार्यक्रम था। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव ने मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे और जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद मंडलायुक्त ने अन्य अधिकारियों के साथ आरआरटीएस स्टेशन और प्रधानमंत्री के लिए प्रस्तावित पूरे रूट का निरीक्षण किया।

