Ghaziabad News : गाजियाबाद के थाना निवाड़ी के जंगलों में 8 फरवरी को मिली अधजली लाश का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक हिस्ट्रीशीटर था। मृतक की हत्या दूसरे हिस्ट्रीशीटर ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर की थी। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि मृतक ने हिस्ट्रीशीटर बदमाश से 50 हजार रुपए छीन लिए थे और मांगने पर मार पिटाई करता था। इसी को लेकर हिस्ट्रीशीटर ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या कर दी थी।
गाजियाबाद डीसीपी ग्रामीण विवेक यादव ने बताई हत्या करने की ये वजह
गाजियाबाद में डीसीपी ग्रामीण विवेक यादव ने बताया की थाना निवाड़ी क्षेत्र में 8 फरवरी को एक अज्ञात व्यक्ति का जला हुआ शव मिला था। बाद में मृतक की पहचान विपिन उर्फ टोनु के नाम हुई थी। जिसकी पहचान उसके पिता ने की थी। पिता वीरपाल ने तहरीर दी थी कि उनका पुत्र विपिन 6 फरवरी को अपने दोस्तों के साथ शादी में गया था और उसके बाद वापस नहीं लौटा। इस मामले के लिए पुलिस ने चार टीम बनाई थी। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके नाम अमित, विनय और अर्जुन है। विनय भी हिस्ट्रीशीटर है और मृतक विपिन भी हिस्ट्रीशीटर था।
पुलिस पूछताछ में हत्या करने की ये वजह आई सामने
पुलिस पूछताछ में सामने आया है की कुछ दिन पहले मृतक विपिन ने विनय से 50 हजार रुपए छीन लिए थे। विनय जब भी पैसे मांगता तो विपिन उसके साथ मारपीट करता। 6 फरवरी को यह चारों लोग एक शादी में गए उसके बाद एक ट्यूबवेल पर जाकर शराब पीने लगे। वहां तीनों ने मिलकर विपिन की गला घोट कर हत्या कर दी। पहचान ना हो इसके लिए मोटरसाइकिल पर शव रखकर जंगलों में ले गए और मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकाल कर आग लगा दी।

