Ghaziabad News: गाजियाबाद में एक बार फिर कुछ कांवड़ियों ने बड़ा उत्पात मचाया। सोमवार रात सिहानी गेट क्षेत्र में कांवड़ियों ने एक ट्रांसजेंडर की बेरहमी से पिटाई कर दी। चोरी के शक में उन्होंने ट्रांसजेंडर की जमकर पिटाई की, उसके कपड़े फाड़ दिए और उसे निर्वस्त्र कर दिया। पुलिस की मौजूदगी में भी कांवड़ियों ने ट्रांसजेंडर की पिटाई जारी रखी। पुलिस ने किसी तरह पीड़ित को बचाया। पुलिस का कहना है कि गलतफहमी के कारण यह घटना हुई और चोरी का कोई सबूत नहीं मिला है।
चोरी के शक में पीटाई
जानकारी के मुताबिक मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला ट्रांसजेंडर सिहानी गेट थाना क्षेत्र में रहता है। सोमवार रात वे मेरठ रोड पर घूकना कट स्थित कांवड़ शिविर के पास घूम रहे थे। इस दौरान कांवड़ियों ने ट्रांसजेंडर पर चोरी के इरादे से शिविर में आने का आरोप लगाया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना मिलने पर सिहानी गेट पुलिस मौके पर पहुंची और कांवड़ियों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में भी कांवड़ियों ने ट्रांसजेंडर के साथ मारपीट जारी रखी।
पुलिस ने ट्रांसजेंडर को कांवड़ियों से बचाया
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने किसी तरह ट्रांसजेंडर को कांवड़ियों से बचाया और गाड़ी में बैठाकर थाने ले आई। एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रांसजेंडर द्वारा चोरी के प्रयास की कोई घटना सामने नहीं आई है। यह घटना गलतफहमी के कारण हुई। पूछताछ के बाद ट्रांसजेंडर को छोड़ दिया गया।
पुलिस से ट्रांसजेंडर को छीनने का प्रयास
बताया जा रहा है कि कांवड़िए काफी गुस्से में थे। पुलिस ने जब ट्रांसजेंडर को ले जाने का प्रयास किया तो कांवड़ियों ने पुलिस से उसे छीनने का प्रयास किया। पुलिस ने जब ट्रांसजेंडर को गाड़ी में बैठाया तो कांवड़िए आगे खड़े हो गए और पुलिस की गाड़ी के बोनट पर मारपीट करने लगे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ट्रांसजेंडर को लेकर मौके से निकलने में कामयाब रही।

