Ghaziabad News: निवाड़ी थाना क्षेत्र के एक ओयो होटल पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने वेश्यावृत्ति गिरोह चलाने के आरोप में होटल के सह संचालक और दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि होटल मालिक शिव कुमार मौके से फरार हो गया। पुलिस उसे पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल से आपत्तिजनक सामान, एक एंट्री रजिस्टर, एक क्यूआर कोड और 4890 रुपये बरामद किए। एसीपी ने बताया कि गिरफ्तार सह संचालक ने नौकरी का झांसा देकर युवतियों को होटल में बुलाकर वेश्यावृत्ति में शामिल करने की बात स्वीकार की है।
होटल के बारे में शिकायतों के आधार पर की गई कार्रवाई
एसीपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि मोदीनगर-निवाड़ी रोड स्थित “वेलकम इन ओयो होटल” में नौकरी के बहाने युवतियों को बुलाया जाता है और उनसे वेश्यावृत्ति कराई जाती है। इस शिकायत के आधार पर निवाड़ी थाने द्वारा जांच की गई। साक्ष्यों से पुष्टि हुई कि होटल के बारे में शिकायतें सही थीं। इसके बाद रविवार को छापेमारी की गई, जिसमें सह संचालक सुनील कुमार पुत्र महेश चंद्र निवासी मंडोरा, थाना दौराला, जिला मेरठ और दो अन्य को गिरफ्तार किया गया।
दो अन्य युवक भी गिरफ्तार
एसीपी मोदीनगर ने बताया कि छापेमारी के दौरान अभिषेक पुत्र नवीन शर्मा निवासी भावी, थाना जानी, जिला मेरठ और नवीन पुत्र जयप्रकाश निवासी मोदीनगर, गाजियाबाद भी होटल में मिले, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों में से किसी का भी नाम एंट्री रजिस्टर में दर्ज नहीं था और न ही वे कोई पहचान पत्र दिखा पाए।
सह संचालक सुनील कुमार का बयान
पूछताछ के दौरान होटल के सह संचालक सुनील कुमार ने पुलिस को बताया, “मैं निवाड़ी स्थित वेलकम इन ओयो होटल का सह संचालक हूं और होटल का मालिक मोदीनगर निवासी शिव कुमार है। हम महिलाओं को नौकरी का झांसा देकर होटल में लाते हैं और फिर उन्हें जबरन वेश्यावृत्ति में धकेल देते हैं।”

