Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एक सोसायटी के फ्लैट में आग लगने से हड़कंप मच गया है। बता दें कि यह घटना इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अहिंसा खंड इलाके में जयपुरिया सनराईज ग्रीन सोसायटी की है। आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता पाई. अपार्टमेंट में आग लगने की इस घटना से स्थानीय निवासी काफी चिंतित हैं. आग किस वजह से लगी इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. इस आग की घटना में किसी के घायल या हताहत होने की अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है.
चीफ फायर ऑफिसर राहुल पाल ने जानकारी देते हुए कहा कि बुधवार की सुबह दमकल को सूचना मिली कि इंदिरापुरम के जयपुरिया ग्रीन सनराइज सोसायटी के फ्लैट नंबर 302 में आग लग गयी है. यह क्षेत्र अहिंसा खंड एक के अंतर्गत आता है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू कर दीं. सोसायटी की ओर से भी आग बुझाने के प्रयास किए गए। स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची.
फ्लैट नंबर 302 में रखा सामान जलकर राख
अग्निशमन विभाग ने उपकरण लगाए और तीसरी मंजिल तक आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। इस दौरान आग का असर ऊपर तीसरी मंजिल पर बने फ्लैट पर भी पड़ा, हालांकि वहां ज्यादा नुकसान नहीं हुआ. हालांकि तीसरी मंजिल पर फ्लैट नंबर 302 में रखा सामान जल गया। घटना में किसी के घायल या प्रभावित होने की कोई खबर नहीं है. आग लगने के कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है, ऊंची मंजिलों के कारण आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही हैं। फिलहाल अग्निशमन विभाग की टीमें और पुलिस दोनों मामले की जांच कर रही हैं.

