Ghaziabad News: गाजियाबाद जिला एवं सत्र न्यायालय में वकीलों और न्यायाधीश के बीच जिरह के दौरान विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोर्ट रूम में किसी केस की सुनवाई के दौरान जज और वकील के बीच कहासुनी हो गई। स्थिति बिगड़ने पर न्यायाधीश ने पुलिस को बुला लिया, जिसके बाद पुलिस ने वकीलों पर लाठीचार्ज किया। इसके चलते कोर्ट रूम में हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई और वकील पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। बताया जा रहा है कि आक्रोशित वकीलों ने कोर्ट परिसर स्थित पुलिस चौकी में आग लगा दी है।
वकीलों पर लाठीचार्ज, कोर्ट परिसर में मचा हंगामा
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंची पुलिस ने कोर्ट रूम में हंगामा कर रहे वकीलों पर लाठीचार्ज कर दिया। बताया गया कि वकीलों ने कोर्ट रूम में कुर्सियों का भी इस्तेमाल कर हंगामा किया। लाठीचार्ज के दौरान कई वकील घायल हो गए हैं, जिनमें से कुछ को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भेजा गया है। वकीलों के विरोध के बाद पुलिस ने कोर्ट परिसर में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके।
विवाद का कारण
सूत्रों के अनुसार, जिला जज की कोर्ट में एक केस की सुनवाई हो रही थी, जिसमें जज ने अगली तारीख देने का फैसला किया। जबकि एक वरिष्ठ वकील तत्काल सुनवाई कराने का आग्रह कर रहे थे। वकील ने जज से निवेदन किया कि यदि सुनवाई आज नहीं की जा सकती तो केस को किसी दूसरी अदालत में स्थानांतरित कर दिया जाए। जज साहब ने इस पर असहमति जताई, जिसके बाद वरिष्ठ वकील और जज के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि गुस्से में आकर वरिष्ठ वकील ने अभद्र भाषा का प्रयोग कर दिया, जिसके जवाब में जज भी नाराज हो गए और उनकी तरफ से भी आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग किया गया। स्थिति बिगड़ने पर जज साहब ने पुलिस बुला ली, जिसके बाद हालात नियंत्रण से बाहर होते चले गए।
पुलिस चौकी में तोड़फोड़ और आगजनी
प्रदर्शन कर रहे वकीलों के गुस्से का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने कोर्ट परिसर स्थित पुलिस चौकी में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। इस घटनाक्रम के चलते कोर्ट परिसर में तनावपूर्ण माहौल है। पुलिस ने स्थिति को शांत करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन घटनास्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं।
य़े भी पढें..
J&K Encounter: अखनूर में सेना पर हमले के बाद मंदिर में छिपे थे आतंकी, वहीं गुजारी थी रात
घटना का वीडियो हुआ वायरल
कोर्ट रूम में हुए इस विवाद का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वकीलों और पुलिस के बीच टकराव देखा जा सकता है।

