Ghaziabad News: गाजियाबाद के कुछ इलाकों में बंदरों के झुंड ने उत्पात मचा रखा है। कई लोग इन बंदरों के शिकार हो चुके हैं। लोगों ने गाजियाबाद नगर निगम से शिकायत कर बंदरों को पकड़कर कहीं दूर छोड़ आने की मांग की है। गाजियाबाद की मेयर सुनीता दयाल ने दिल्ली सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि इन बंदरों को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से जुड़े लोग छोड़ रहे हैं। मेयर सुनीता दयाल ने आगे कहा कि घटते जंगल भी इसका एक बड़ा कारण हैं। उनके मुताबिक दिल्ली की आप सरकार रात में बंदरों को उत्तर प्रदेश की सीमा में छोड़ देती है। पर्याप्त भोजन और पानी न मिलने के कारण बंदर लोगों को परेशान कर रहे हैं।
उन्होंने बंदरों की समस्या की गंभीरता पर जोर देते हुए कहा कि उद्यान विभाग के अधिकारियों को बंदरों को पकड़कर जल्द से जल्द दूर के जंगलों में छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। हाल के दिनों में गाजियाबाद के साहिबाबाद की कई कॉलोनियों में बंदर उत्पात मचा रहे हैं। खास तौर पर सूर्य नगर के रामपुरी में बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। पिछले पांच दिनों में बंदरों ने छह लोगों को काट लिया है।
यह भी पढ़ें: Delhi: दिल्ली की सड़क पर बुलेट सवार लड़की बनी ‘डॉन’, मामूली बात पर ऑटो ड्राइवर को जमकर पीटा,हालत गंभीर
जोखिम भरा है पार्कों में घूमना
इस इलाके के पार्कों में बुजुर्गों और बच्चों का खेलना या बैठना मुश्किल हो रहा है। बंदरों के झुंड ने राहगीरों पर हमला करना शुरू कर दिया है। इस इलाके में रहने वाली 70 वर्षीय महिला ने बताया कि आमतौर पर शाम को पार्क में बेंचों पर महिलाएं बैठती हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों में बंदरों के झुंड ने कई लोगों पर हमला किया है। अकेले इस पार्क में बंदरों के हमले में तीन महिलाएं घायल हो चुकी हैं। इन घटनाओं ने इस हाई-प्रोफाइल इलाके के निवासियों को काफी डरा दिया है।

