Ghaziabad News: श्रावण शिवरात्रि के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कांवड़ यात्रा मार्ग का सर्वेक्षण और कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। आज श्रावण शिवरात्रि है और शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। मुख्यमंत्री का मेरठ, बागपत और गाजियाबाद जाकर शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा करने का कार्यक्रम था।
मेरठ और बागपत का दौरा भी तय था
मुख्यमंत्री को मेरठ के बाबा औघड़नाथ मंदिर, बागपत के पुरा महादेव और गाजियाबाद के दूधेश्वरनाथ मंदिर पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा करनी थी। मेरठ के सूचना विभाग ने मुख्यमंत्री के दौरे के रद्द होने की जानकारी दी है। सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को राजकीय विमान से हिंडन एयरपोर्ट पहुंचने वाले थे और उसके बाद हलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर कांवड़ियों और शिव मंदिरों पर पुष्प वर्षा करने वाले थे।
सीएम का कार्यक्रम एक घंटे का था
एक घंटे के इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मेरठ के बाबा औघड़नाथ मंदिर, बागपत के पुरा महादेव और गाजियाबाद के प्रसिद्ध दूधेश्वरनाथ मंदिर पर पुष्प वर्षा करनी थी। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दूधेश्वरनाथ मंदिर और महंत श्री नारायण गिरि से खास जुड़ाव है। इसलिए दूधेश्वरनाथ मंदिर में मौजूद कांवड़िये मुख्यमंत्री को करीब से देखने की उम्मीद कर रहे थे। हालांकि, सरकारी कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री का मंदिर में उतरना नहीं था।

