Ghaziabad News: गाजियाबाद विधानसभा उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे का रोडमैप फाइनल हो गया है। सीएम योगी 16 नवंबर को विजयनगर में रोड शो करेंगे, जिसमें वह भाजपा प्रत्याशी संजीव शर्मा के लिए जनता से समर्थन की अपील करेंगे। मुख्यमंत्री का रोड शो शाम 4 बजे लाइनपार क्षेत्र में होगा। इसी दिन दोपहर 2 बजे भाजपा के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा कवि नगर स्थित रामलीला मैदान में सिख समुदाय के साथ बैठक करेंगे। इससे पहले 14 नवंबर को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का कार्यक्रम तय है।
चाणक्य चौक से शुरू होगा योगी का रोड शो
चुनाव संयोजक एवं पूर्व मेयर आशु वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रोड शो का कार्यक्रम फाइनल हो गया है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी संजीव शर्मा के लिए प्रचार करेंगे। प्रस्तावित रूट के अनुसार रोड शो शाम 4 बजे विजय नगर स्थित चाणक्य चौक से शुरू होगा और डीएवी स्कूल, प्रताप विहार पर समाप्त होगा। इस दौरान सीएम भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनता से समर्थन की अपील करेंगे।
सिख समुदाय से साधेंगे सिरसा
आशु वर्मा ने यह भी बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा 16 नवंबर को दोपहर 2 बजे कवि नगर स्थित रामलीला ग्राउंड में मंच के पास स्थित सभागार में पंजाबी और सिख समुदाय के साथ बैठक करेंगे। गौरतलब है कि गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र में सिख और पंजाबी मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या है। पंजाबी समुदाय से अशोक मोंगा भी इस बार टिकट के दावेदार थे।
14 नवंबर को होगी उपमुख्यमंत्री की रैली
गाजियाबाद विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी संजीव शर्मा के प्रचार की देखरेख कर रहे गाजियाबाद के पूर्व मेयर और चुनाव समन्वयक आशु वर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक 14 नवंबर को शाम 5 बजे लाइन पार क्षेत्र के अकबरपुर बहरामपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा ने रैली की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

