Ghaziabad News: गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को मुरादनगर क्षेत्र में जीडीए का बुलडोजर चला। प्रवर्तन दल ने तीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त करते हुए 48 हजार वर्ग मीटर भूमि को अनाधिकृत निर्माणों से मुक्त कराया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बताया कि अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से अवैध कॉलोनियों में निवेश न करने की अपील की। उन्होंने सलाह दी कि कोई भी निवेश करने से पहले लोग प्राधिकरण से यह पुष्टि कर लें कि कॉलोनी या संपत्ति का नक्शा जीडीए से स्वीकृत है या नहीं।
नवीपुर बंबा के पास चल रहा था अवैध निर्माण
जीडीए पीआरओ ने बताया कि जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रवर्तन दल ने गुरुवार को जोन-2 (मुरादनगर क्षेत्र) में तीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया। पीआरओ के मुताबिक सुशील खारी ने 8 हजार वर्ग मीटर, शिवजीत ने 30 हजार वर्ग मीटर और अक्षय त्यागी ने 10 हजार वर्ग मीटर भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित कर रखी थी। जीडीए के बुलडोजर ने तीनों कॉलोनियों की बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे और अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। ये अवैध कॉलोनियां मुरादनगर के नवीपुर बंबा के पास बनाई जा रही थीं।
यह भी पढ़ें: Ghaziabad News: रविवार को गाजियाबाद दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी, 29 दिसंबर शाम तक धारा 163 लागू
मौके पर लोगों को जागरूक किया
जीडीए के जोन-2 प्रभारी और उनकी टीम ने मौके पर लोगों को अवैध निर्माणों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने लोगों से अपनी मेहनत की कमाई ऐसी संपत्तियों में निवेश न करने का आग्रह किया। उन्होंने जीडीए विकास क्षेत्र में कहीं भी निवेश करने से पहले पूरी तरह जांच करने की सलाह भी दी। ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान स्थानीय डेवलपर्स की ओर से काफी विरोध किया गया, लेकिन पुलिस बल के सहयोग से अभियान पूरा किया गया। ध्वस्तीकरण के दौरान मौके पर अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, पर्यवेक्षक, जीडीए पुलिस बल और मुरादनगर थाने के कर्मचारी मौजूद थे।

