Ghaziabad News: अगर आप बाहर का बना खाना खाने के शौकीन हैं, तो आपको सावधान रहना चाहिए। ऐसी चीजें खाने से पहले यह सुनिश्चित कर लेना चाहिए कि आप जो खाने जा रहे हैं, वह सुरक्षित है या नहीं। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं, तो आपकी सेहत पर इसका गंभीर असर हो सकता है। इस तरह की घटनाएं आम होती जा रही हैं। आपको इंदिरापुरम में करीब एक महीने पहले का मामला याद होगा, जहां एक नामी फूड चेन के आउटलेट से समोसे में मेंढक का पैर मिला था। अब राजनगर एक्सटेंशन में भी ऐसी ही घटना सामने आई है।
धारा डेरी का मामला
जी हां, गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक समोसे में मकड़ी मिली। रविवार शाम को एक शख्स ने राजनगर एक्सटेंशन के धारा डेरी से समोसा खरीदा और वहीं पर उसे खाने लगा। किस्मत से उसने खाने से पहले समोसा तोड़ा और देखा कि आलू के मिश्रण में मकड़ी लिपटी हुई है। अगर उसने समोसा खाया होता, तो उसके गंभीर परिणाम हो सकते थे। शख्स ने दुकानदार को समोसा दिखाया और सबूत के तौर पर उसका वीडियो भी बना लिया।
यह भी पढ़ें: Greater Noida: दनकौर में चलती ब्रेजा कार में लगी आग, पुलिस ने 1 किलोमीटर तक पीछा कर बचाई सवारियों की जान
अगर इसे खा लिया होता तो क्या होता?
यश अरोड़ा नाम के एक व्यक्ति ने राजनगर एक्सटेंशन में धारा डेयरी के समोसे का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। यश अरोड़ा ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अगर उन्होंने गलती से समोसा खा लिया होता तो नतीजा भयावह हो सकता था। उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन से इस घटना को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

