Ghaziabad News: अगर आपने भी किराए के लिए अपने फ्लैट की चाबी किसी दलाल को दे रखी है तो सावधान हो जाइए। ऐसा करने से आपको काफी नुकसान हो सकता है। टीला मोड़ थाना क्षेत्र में हुई एक ताजा घटना इस खतरे को उजागर करती है। टीला मोड़ पुलिस ने एक दलाल को गिरफ्तार किया है, जिसने पांच फ्लैट किराए पर देने के बाद उन्हीं फ्लैटों में चोरी की। दलाल डुप्लीकेट चाबी अपने पास रखता था और किराएदार परिवारों के बाहर होने पर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
डॉक्टर के घर से जेवर चोरी
गाजियाबाद कमिश्नरेट की टीला मोड़ पुलिस ने ऑक्सीरिच सोसायटी निवासी डॉ. विवेक भारती के घर से जेवर चोरी के मामले में देवेंद्र शर्मा नामक दलाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी हुए 7.5 लाख रुपये कीमत के हीरे और सोने के जेवर बरामद किए गए हैं। डॉ. विवेक की पत्नी इंजीनियर हैं। 21 दिसंबर को परिवार मेरठ गया था और 23 दिसंबर को वापस लौटा तो घर से जेवर गायब मिले। एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि आरोपी देवेंद्र शर्मा, जो इसी सोसायटी में रहता है और ब्रोकर का काम करता है, को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से चोरी की गई 7.5 लाख रुपये की जूलरी बरामद की गई है।
अब तक पांच फ्लैटों में हो चुकी है चोरी
एसीपी सलोनी अग्रवाल ने जांच के दौरान खुलासा किया कि सोसायटी में ब्रोकर का काम करने वाले देवेंद्र शर्मा ने किराए पर दिए गए पांच फ्लैटों में चोरी की है। डॉ. विवेक भारती का फ्लैट भी देवेंद्र शर्मा के जरिए किराए पर दिया गया था। पूछताछ करने पर देवेंद्र शर्मा ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और पुलिस को डॉ. विवेक के घर से चोरी की गई 7.5 लाख रुपये की जूलरी बरामद करने में मदद की।
यह भी पढ़ें: Greater Noida: ग्रेटर नोएडा की सुरक्षा और यातायात को मिलेगी नई दिशा, हाई-रेजोल्यूशन कैमरों की होगी स्थापना
चोरी को अंजाम देने से पहले टोह ली
पुलिस के मुताबिक, ब्रोकर किराए पर दिए गए फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी अपने पास छिपाकर रखता था। वह परिवारों की गतिविधियों पर नजर रखता था और जब वे बाहर होते थे, तो डुप्लीकेट चाबी का इस्तेमाल करके फ्लैट से चोरी करता था। उसने डॉ. विवेक भारती के साथ भी ऐसा ही किया। 21 दिसंबर को जब डॉ. विवेक और उनका परिवार अपने ससुराल वालों से मिलने मेरठ गए थे, तो ब्रोकर ने डुप्लीकेट चाबी से फ्लैट का ताला खोलकर जेवर चोरी कर लिए। 23 दिसंबर को जब परिवार मेरठ से लौटा, तो उन्हें चोरी का पता चला और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

