भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। दिल्ली में यमुना अपना रौद्र रूप दिखा रही है। जगह जगह पानी भर गया है। दिल्ली के बाद यमुना अब यूपी के गाजियाबाद में भी अपना प्रलयंकारी रूप दिखा रही है। गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र के अलीपुर में बांध टूटने के कारण लोनी विधानसभा में बाढ़ का पानी घुस गया है। गाजियाबाद संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं नागर विमानन राज्यमंत्री जनरल डॉ. विजय कुमार सिंह ने आज अपने संसदीय क्षेत्र के बाढ़ग्रस्त इलाके का दौरा किया। बता दें कि सांसद वीके सिंह ने हेलीकॉप्टर के माध्यम से बाढ़ग्रस्त क्षेत्र का निरीक्षण किया और सभी प्रशासनिक, शासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस समस्या से समाधान के लिए जल्द से जल्द कोई बेहतर और ठोस विकल्प तलाशा जाए।
अलीपुर बांध मे तीन जगह दरार
गौरतलब है कि यमुना के बढ़ते जलस्तर से गाजियाबाद संसदीय क्षेत्र के अलीपुर में टूटे बांध के कारण लोनी विधानसभा क्षेत्र में हुए जलभराव से प्रभावित क्षेत्र जिसमें ट्रोनिका सिटी, सुंगरपुर, अलीपुर, बदरपुर, नवादा, सुभानपुर में क्षेत्रवासियों की हर संभव मदद के लिए सांसद वीके सिंह ने आश्वस्त कराया और राहत सामग्री पहुँचाने की उचित व्यवस्था भी करायी। बता दें कि दिल्ली के साथ ही यमुना के बाढ़ का पानी अब लोनी एरिया में घुस चुका है।
अलीपुर बांध मे तीन जगह दरार आने के बाद बांध बागपत सीमा में टूट गया। बांध टूटने से यमुना का पानी सुभानपुर होते लोनी के अलीपुर से होते हुए पचायरा और आवास विकास की तरफ पहुँच गया है। इस परिस्थिति में माननीय सांसद श्री वीके सिंह ने एक सहायक के रूप में लोनी सभी प्रभावित क्षेत्रों में गए। जहां उन्होंने क्षेत्रवासियों को हर सम्भव मदद के लिए विश्वास दिलाया और कहा कि “हर मुसीबत में मैं आपके साथ खड़ा हूं। तुम चिंता मत करना।”

