Ghaziabad: गाजियाबाद के वकीलों ने हड़ताल जारी रखने का फैसला किया है। शनि को हुई महापंचायत में वकीलों के काम पर लौटने और हर सप्ताह केवल बुधवार को हड़ताल रखने का निर्णय लिया गया था। हालांकि, गाजियाबाद के वकील इस फैसले से सहमत नहीं हैं और पहले की तरह काम का बहिष्कार जारी रखेंगे।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने जानकारी दी कि रविवार को एसोसिएशन ने हड़ताल जारी रखने का प्रस्ताव पास किया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक जिला जज को हटाए जाने और लाठीचार्ज के दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती।
कचहरी में जारी रहेगा धरना प्रदर्शन
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने बताया कि कचहरी परिसर में चल रहा धरना प्रदर्शन पहले की तरह जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वकीलों की मांगें पूरी होने तक हड़ताल में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। यह जानकारी व्हाट्सऐप के जरिए मीडिया को साझा की गई।
आंदोलन पहले की तरह चलेगा
बार एसोसिएशन के सचिव अमित नेहरा ने कहा कि आंदोलन को लेकर वकीलों की भावनाओं को देखते हुए हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि वकीलों की दो प्रमुख मांगें हैं:
- जिला जज को तत्काल हटाया जाए।
- लाठीचार्ज के दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई हो।
उन्होंने कहा कि जब तक ये मांगें पूरी नहीं होंगी, वकीलों का आंदोलन जारी रहेगा।
महापंचायत के फैसले को किया खारिज
गौरतलब है कि शनिवार को हुई महापंचायत में हड़ताल को एक सप्ताह के लिए स्थगित करने और सोमवार से काम पर लौटने का निर्णय लिया गया था। इसके तहत हर बुधवार को हड़ताल रखने और 29 नवंबर को हाईकोर्ट का घेराव करने की बात कही गई थी। हालांकि, रविवार को बार एसोसिएशन ने महापंचायत के फैसले को पलटते हुए हड़ताल जारी रखने का प्रस्ताव पारित कर दिया।
ये भी पढें..
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में 32 टन गोमांस बरामद, पुलिस और गौ रक्षा दल में आरोप-प्रत्यारोप जारी
वकीलों का रुख सख्त
गाजियाबाद के वकील अपने रुख पर अडिग हैं और बार एसोसिएशन ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वकील काम पर वापस नहीं लौटेंगे। इससे न्यायिक कार्य प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है।

