Ghaziabad News: एक ओर नगर निगम की ओर से सड़क के किनारों से अतिक्रमण हटाने का दावा किया जा रहा है तो वहीं दूसरी ओर सड़कों के किनारों पर लगातार अतिक्रमण हो रहा है। वसुंधरा की मुख्य सड़क यानि सेक्टर-10 से सेक्टर-17 की मुख्य सड़क के दोनों ओर अवैध तरीके से दुकाने लग गई हैं। रेहड़ियां और खोखे खड़े कर अतिक्रमण किया जा रहा है, जो सुबह और शाम जाम लगने का कारक भी है। मजे की बात यह है कि नगर निगम की ओर से पिछले दिनों वसुंधरा में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया था। निगम की ओर से दोबारा अतिक्रमण करने पर एफआईआर और भारी जुर्माने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद भी अतिक्रमण बदस्तूर जारी है। दुकानें खुलने से सड़क संकरी हो गई है।
नगर निगम आंखें मूंदे बैठा है
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्ट्रीट वेंडर आधी सड़क पर अपना सामान रख देते हैं। दिवाली से पहले पूरी सड़क खोखे और स्ट्रीट वेंडरों से भर गई है। बाकी बची सड़क पर इन दुकानों में आने वाले ग्राहक अपना वाहन खड़ा कर देते हैं ऐसे में राहगीरों और वाहन चालकों के हिस्से एक चौथाई सड़क ही आ पाती है।
शिखर एन्क्लेव सोसाइटी एओए के अध्यक्ष बीसी लोहानी ने बताया कि रात के अंधेरे में खोखे खड़े कर दिए जाते हैं और नगर निगम आंखें मूंदे बैठा रहता है। सड़कों के साथ-साथ अब शिखर एनक्लेव के सामने के मुख्य मार्ग के दोनों और नगर निगम द्वारा लगायी गई फेंसिंग को हटाकर ग्रीन बेल्ट पर दुकानें खोल दी गई है।
यह भी पढ़ें: Ghaziabad: जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर चल रहे धरने में की गई महापंचायत
स्थानीय निवासी संदीप गुप्ता ने बताया कि नगर निगम की एन्फोर्समेंट टीम सिर्फ दिखावे के लिए है। एन्फोर्समेंट टीम के कर्मचारियों की इन स्ट्रीट वेंडरों से सांठगांठ के कारण कार्यवाही केवल दिखावे के लिए होती है। एन्फोर्समेंट टीम के कर्मचारी ही कार्यवाही से पूर्व स्ट्रीट वेंडरों को सचेत कर देते हैं।

