तेज बारिश ने जहां उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली, वहीं, जगह-जगह जलभराव होने से भारी परेशानी भी हुई। वहीं, शुक्रवार सुबह तेज बारिश के दौरान गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के मकनपुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक बच्ची की मौत हो गई और पांच अन्य महिलाएं झुलस गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आकाशीय बिजली बनी मौत
तेज बारिश के चलते कुछ महिलाएं मकनपुर के एक मंदिर के पास पीपल के पेड़ के नीचे खड़ी थीं। ये महिलाएं बारिश के रूकने का इंतजार कर रहे थीं, उसी समय तेज धमाके की आवाज के साथ आकाशीय बिजली मंदिर के पास आ गिरी, जिसकी चपेट में आने से एक 12 साल की बच्ची ने दम तोड़ दिया। वहीं 5 अन्य महिलाएं आकाशीय बिजली की चपेट में आने से घायल हो गईं।
आकाशीय बिजली गिरने से 12 साल की बच्ची की गई जान
जानकारी के अनुसार, मकनपुर स्थित हनुमान मंदिर के पीछे झुग्गी-झोंपड़ियों में रहने वाले परिवारों की महिलाएं घरों में झाडू-पोंछे का काम करती हैं। शुक्रवार सुबह ये काम पर जाने के लिए घरों से निकलीं थी। तभी तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के रूकने के इंतजार में ये महिलाएं हनुमान मंदिर के पास पेड़ के नीचे रुक गईं। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरी और बच्ची, युवती सहित छह महिलाएं इसकी चपेट में आ गईं।
छह महिलाएं आकाशीय बिजली से झुलसी इलाज जारी
मौके पर ही 12 वर्षीय अजमेरू पुत्री परवेज की मौत हो गई। आकाशीय बिजली सीधे इस बच्ची के सिर पर गिरी। इस हादसे में उसके बाल और शरीर का बाकी हिस्सा भी जल गया था। इसके अलावा जासमीन (17 वर्ष), अजमेरी खातून (35 वर्ष), शालौ (40 वर्ष), शबाना (30 वर्ष) और नंदिनी झुलस गईं। इन्हें संजयनगर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। शालौ की हालत नाजुक है। ये सभी मूल रूप से बिहार में पूर्णिया और मधेपुरा जिले की रहने वाली हैं।
मौसम विभाग ने अभी कुछ दिनों तक मौसम को लेकर जारी किया अलर्ट
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। हादसे में झुलसे अन्य लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम उत्तर प्रदेश में बारिश अभी कुछ और दिनों तक जारी रहेगी।

