गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) बोर्ड बैठक अब आगामी 28 अगस्त सोमवार को मेरठ में मंडलायुक्त कार्यालय सभागार में होगी। मेरठ मंडल की मंडलायुक्त एवं जीडीए चेयरमैन सेल्वा कुमारी जे. की व्यस्तता के कारण बोर्ड बैठक की अब 28 अगस्त की तारीख प्रस्तावित की गई है। पहले 21 अगस्त की तारीख फाइनल की गई है। इस संबंध में मंडलायुक्त ने जीडीए उपाध्यक्ष को पत्र भेज दिया है। आखिर लंबे इंतजार के बाद जीडीए बोर्ड बैठक होने जा रही है। जीडीए की इस बोर्ड बैठक में लगभग 21 प्रस्ताव रखे जाएंगे।
जीडीए बैठक में इन प्रस्तावों पर होगी चर्चा
इनमें सबसे अहम प्रस्ताव मास्टर प्लान-2031 के फाइनल ड्राफ्ट का प्रस्ताव रहेगा। दरअसल, जीडीए की 22 नवंबर-2022 को 160वीं बोर्ड बैठक मेरठ में संपन्न हुई थी। इसके बाद कई बार तारीख तय की गई। मगर जीडीए बोर्ड बैठक नहीं हो पाई। निकाय चुनाव के चलते आचार संहिता लागू हो गई थी। ऐसे में मेरठ में मंडलायुक्त कार्यालय सभागार में 9 माह बाद अब 28 अगस्त को बोर्ड बैठक होगी। जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मंडलायुक्त ने बोर्ड बैठक की तारीख में परिवर्तन किया है। मेरठ में मंडलायुक्त कार्यालय सभागार में अब 28 अगस्त को सुबह 11 बजे से बोर्ड बैठक होगी।
जीडीए सचिव ने बताया कि इस संबंध में जीडीए बोर्ड सदस्य एवं अनुभाग के प्रभारियों को पत्र जारी कर दिया गया है। बोर्ड बैठक से संबंधित प्रस्ताव एवं एजेंडा तैयार करने के लिए अनुभाग के प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। ताकि जल्द प्रस्तावों का एजेंडा तैयार किए जा सकें। उन्होंने बताया कि बोर्ड बैठक में लगभग 21 प्रस्ताव रखे जाएंगे। इनमें मास्टर प्लान-2031 का प्रस्ताव के अलावा नॉर्दर्न पेरिफेरल रोड की जमीन खरीदने,भू-अर्जन विभाग के लिए लेखपाल और अमीनों को रखने,नीलामी में बेचने के लिए रखे जाने वाले भूखंडों के रेट रिवाइज करने संबंधी अवलोकनार्थ आदि प्रस्ताव रखे जाएंगे। बोर्ड बैठक में रखे जाने वाले प्रस्तावों को तैयार करने के लिए अनुभाग के संबंधित प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। ताकि जल्द एजेंडा तैयार कर मंडलायुक्त को भेजा जा सकें।

