Ghaziabad: गाजियाबाद में मेट्रो के यात्रियों के लिए शुक्रवार का दिन कुछ अलग ही साबित हुआ, जब रेड लाइन मेट्रो में सीट को लेकर दो युवकों के बीच जमकर हंगामा हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों युवकों ने एक-दूसरे से हाथापाई तक कर दी, जिसकी वजह से मेट्रो के यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विवाद की शुरुआत शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन से
घटना शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन की है, जो गाजियाबाद में रेड लाइन मेट्रो का टर्मिनल स्टेशन है। मेट्रो स्टेशन पर पहुँचते ही अधिकांश यात्री उतर जाते हैं, जिससे ट्रेन का कोच खाली हो जाता है। ऐसे में जब मेट्रो का पूरा कोच खाली था, तब दो युवकों के बीच एक सीट को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
खुद को क्राइम ब्रांच से बताने वाला युवक
विवाद के दौरान एक युवक ने खुद को हापुड़ क्राइम ब्रांच में तैनात बताया और दूसरे युवक को धमकाने की कोशिश की। उसने कहा, “मैं हापुड़ क्राइम ब्रांच में हूं, मुझसे पंगा लेना भारी पड़ेगा।” इस पर दूसरा युवक ताव में आ गया और उसने भी पलटवार करते हुए कहा, “हां, तू लग रहा है कमिश्नर।” इसके बाद विवाद बढ़ता चला गया और नौबत गुत्थम गुत्था तक पहुँच गई।
यात्रियों ने किया बीच-बचाव
घटना को देखकर मेट्रो में सफर कर रहे अन्य यात्रियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों युवकों को शांत करने की कोशिश की। यात्रियों ने किसी तरह दोनों को अलग किया और मामले को शांत कराया। हालांकि, इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया गया था, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ये भी पढ़ें..
खाली कोच में भी हुआ विवाद
गौरतलब है कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय मेट्रो का कोच पूरी तरह से खाली था। इसके बावजूद भी दोनों युवक सीट को लेकर भिड़ गए। पढ़े-लिखे और अच्छे घरों से दिख रहे इन युवकों के बीच हुए इस विवाद को देखकर अन्य यात्री भी हैरान रह गए।

