Ghaziabad: गाजियाबाद में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से पांच नए मामलों की पुष्टि की गई, जिससे जिले में डेंगू के कुल मामलों की संख्या 29 हो गई है। इससे पहले, डेंगू से एक मौत की भी पुष्टि हो चुकी है। मौजूदा मौसम को संक्रामक बीमारियों के लिए संवेदनशील माना जा रहा है, जिसमें डेंगू प्रमुख है। डेंगू का संक्रमण मच्छर के जरिए फैलता है, खासकर एडीज मच्छर द्वारा।
सर्वे और एंटी लार्वा स्प्रे कराने के निर्देश
जिला सर्विलांस अधिकारी (डीएसओ) डॉ. राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि डेंगू के सभी मरीजों के घर और उनके कार्यस्थलों के आसपास सर्वे किया जा रहा है। इसके साथ ही, एंटी लार्वा स्प्रे और फॉगिंग कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए जरूरी है कि लोग अपने घरों में पानी जमा न होने दें, क्योंकि साफ और स्थिर पानी में एडीज मच्छर पनपता है, जो डेंगू फैलाने के लिए जिम्मेदार होता है।
इन इलाकों में मिले नए मामले
शनिवार को जिन पांच नए डेंगू मामलों की पुष्टि हुई है, उनमें एक किशोर और एक 73 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। विजयनगर में 17 वर्षीय किशोर, नंदग्राम में 31 वर्षीय युवक, वैशाली में 21 वर्षीय युवती, घूकना मोड़ पर 41 वर्षीय महिला, और मुरादनगर में 73 वर्षीय बुजुर्ग में डेंगू की पुष्टि हुई है। इन सभी के घर और कार्यस्थल के आसपास सर्वे और एंटी लार्वा स्प्रे की कार्रवाई की जा रही है। इनमें से एक मरीज को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है, जबकि बाकी चार घर पर ही उपचार ले रहे हैं।
डेंगू से बचाव के उपाय
डेंगू से बचाव के लिए जरूरी है कि लोग अपने घरों में पानी जमा न होने दें। फ्रिज और एसी की ट्रे, गमलों, फूलदानों और कूलर में जमा पानी को नियमित रूप से बदलें। कूलर को हर हफ्ते साफ करके सुखाएं और उसमें मिट्टी का तेल डालते रहें। बच्चों को पूरी बाजू के कपड़े पहनाएं और खासकर सुबह-शाम के समय विशेष सतर्कता बरतें। पैरों की सुरक्षा के लिए बच्चों को जूते-मोजे पहनाकर ही बाहर जाने दें, क्योंकि एडीज मच्छर कम ऊंचाई तक ही उड़ता है और पैरों को काट सकता है।
ये भी पढ़ें..
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में बढ़ा डेंगू का कहर, पिछले 24 घंटों में 27 नए मामले आए सामने
बुखार आने पर क्या करें?
अगर किसी को बुखार आता है, तो बिना चिकित्सक की सलाह के दवाइयां लेने से बचें। डॉक्टर से परामर्श लेकर जांच कराएं और अधिक लिक्विड डाइट लें। डाक्टरों के अनुसार, लिक्विड डाइट संक्रमण को कम करने में मदद करती है और प्लेटलेट्स के स्तर को बनाए रखने में भी सहायक होती है।

