गाजियाबाद शहर की पॉश कालोनियों में शुमार वसुंधरा के सेक्टर-1 में डेंगू का एक और मामला सामने आया है। कुछ दिनों पहले इस सेक्टर में डेंगू से एक महिला की मौत हो गई थी।
बढ़ता डेंगू गाजियाबाद के लोगों में भय का माहौल
शुक्रवार को वसुंधरा निवासी 11 वर्षीय बच्ची आरना दीप की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद डेंगू के बढ़ते प्रकोप से रेजिडेंट्स में भय का माहौल है। ट्रांस हिंडन आर डब्ल्यू ए फेडरेशन के अध्यक्ष कैलाश चंद्र शर्मा ने जिला मलेरिया अधिकारी व नगर आयुक्त को मरीज की रिपोर्ट भेज दी है उन्होंने कहा कि डेंगू से महिला की मृत्यु के बाद नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की ओर से फॉगिंग और बचाव के अन्य तरीके अपनाने का वादा किया गया था लेकिन अभी तक ऐसा कुछ भी नहीं किया गया। उन्होंने डेंगू विरोधी अभियान जारी करने की मांग की है।
डॉक्टर्स ने डेंगू के बढ़ते मामलों को लेकर कही ये बात
गाजियाबाद में डेंगू का कहर कम नहीं हो रहा है। अब तक डेंगू के 450 से ज्यादा मामले सामने आ चुके है। सीएमओ डॉक्टर भवतोष शंखधर ने डेंगू को लेकर बताया, एमएमजी और संयुक्त जिला चिकित्सालय सहित सभी सीएचसी और पीएचसी में डेंगू वार्ड पहले से बने हुए हैं। अस्पतालों की ओपीडी में जितने भी बुखार पीड़ित आ रहे हैं, उनकी दो स्तर पर डेंगू जांच कराई जा रही है।
जांच में यदि डेंगू की पुष्टि हो जाती है तो संबंधित मरीज के घर पर टीम भेजकर फॉगिंग कराई जाती है और उसके सारे फैमिली मेंबर्स को जरूरत की मेडिसिन दी जाती हैं। फिलहाल गाजियाबाद में घबराने जैसी कोई बात नहीं है।

