Ghaziabad: गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने प्रधानमंत्री आवास योजना – शहरी के तहत सस्ते फ्लैटों की स्कीम शुरू की है। इच्छुक आवेदक जीडीए की आधिकारिक वेबसाइट gdaghaziabad.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के तहत मात्र 5,000 रुपये में आवेदन किया जा सकता है, और फ्लैट की कुल कीमत लगभग साढ़े चार लाख रुपये होगी।
इस योजना में केंद्र सरकार 1.5 लाख रुपये और प्रदेश सरकार 1 लाख रुपये का अंशदान करेगी, जिससे आवंटी को केवल लगभग दो लाख रुपये का भुगतान करना होगा। खास बात यह है कि आवंटी इस राशि को छह तिमाही किश्तों में भी चुका सकते हैं।
फ्लैट की जानकारी
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दिए जा रहे इन फ्लैटों का क्षेत्रफल लगभग 25 वर्गमीटर होगा। प्रत्येक फ्लैट में एक बेडरूम, ड्राइंग रूम, किचन, बाथरूम और टॉयलेट होगा।
फिलहाल, जीडीए ने तीन प्रमुख साइटों के लिए आवेदन मांगे हैं:
- पसौंडा: 251 फ्लैट
- डासना: 312 फ्लैट
- राजनगर एक्सटेंशन: 145 फ्लैट
पसौंडा और डासना की साइटों का निर्माण आराध्यम बिल्डर्स द्वारा किया गया है, जबकि राजनगर एक्सटेंशन की साइट रॉकफोर्ड डेवलपर्स द्वारा विकसित की जा रही है।
31 जनवरी है आखिरी तारीख
जीडीए ने इन फ्लैटों के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 जनवरी से शुरू की है और आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी तय की गई है। आवेदन करने से पहले जीडीए की वेबसाइट पर उपलब्ध ब्रॉशर को ध्यानपूर्वक पढ़ें। इसमें फ्लैटों की अनुमानित कीमत, केंद्र और राज्य सरकार के अंशदान, पात्रता शर्तों, और अन्य विवरणों का उल्लेख है।
ये भी पढें..
आवेदकों के लिए प्रमुख शर्तें हैं:
- गाजियाबाद का निवासी होना अनिवार्य।
- वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
जीडीए और निजी बिल्डर कर रहे 6,296 फ्लैटों का निर्माण
जीडीए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत विभिन्न योजनाओं में कुल 3,496 फ्लैटों का निर्माण करा रहा है। इनमें प्रमुख योजनाएं हैं:
- प्रताप विहार योजना: 1200 फ्लैट
- मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना: 856 फ्लैट
- डासना: 432 फ्लैट
- नूरनगर: 480 फ्लैट
- मोदीनगर निवाड़ी: 528 फ्लैट
इसके अतिरिक्त, 2,800 फ्लैटों का निर्माण निजी डेवलपर्स द्वारा किया जा रहा है। जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि योजना के तहत बनाए जा रहे निजी डेवलपर्स के फ्लैटों की गुणवत्ता की मॉनीटरिंग और आवंटन प्रक्रिया जीडीए द्वारा ही की जा रही है।

