Ghaziabad By-Election Results 2024 Live: गाजियाबाद विधानसभा उपचुनाव के लिए गोविंदपुरम मंडी में मतगणना जारी है। पहले 10 राउंड के रुझान जारी हो चुके हैं। अब तक भाजपा प्रत्याशी संजीव शर्मा दो तिहाई वोट अपने नाम कर बड़ी जीत की ओर बढ़ रहे हैं। शेष 13 प्रत्याशी शेष एक तिहाई वोट के लिए मुकाबला कर रहे हैं। पहले राउंड से ही बढ़त बनाए हुए भाजपा के संजीव शर्मा ने सपा प्रत्याशी सिंहराज जाटव पर 31,938 वोटों की बढ़त बना ली है।
संजीव शर्मा की जीत पक्की
भाजपा प्रत्याशी संजीव शर्मा के लिए यह बड़ी बढ़त है। जानकारों का मानना है कि अब चुनाव नतीजों में कोई बड़ा उलटफेर होने की संभावना कम ही है। गौरतलब है कि गाजियाबाद विधानसभा उपचुनाव में कुल 33.30% मतदान हुआ। कुल 1,53,743 वोटों में से अब तक करीब 64,611 वोटों की गिनती हो चुकी है।
नोटा ने आठ उम्मीदवारों को पछाड़ा
दसवें राउंड की मतगणना के अंत तक भाजपा के संजीव शर्मा को 42,287 वोट मिले हैं। सपा उम्मीदवार सिंहराज जाटव को 10,349 वोट मिले हैं, जबकि बसपा उम्मीदवार को केवल 4,026 वोट मिले हैं। अन्य उम्मीदवारों में पिंकी चौधरी की पत्नी पूनम चौधरी को 2,351 वोट मिले, आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार सत्यपाल चौधरी को 3,021 वोट मिले और रवि कुमार पंचाल को 1,559 वोट मिले। बाकी उम्मीदवारों ने अभी तक तीन अंकों की वोट संख्या को पार नहीं किया है। नोटा (इनमें से कोई नहीं) को अब तक 355 वोट मिले हैं, जो कि नीचे के आठ उम्मीदवारों को मिले वोट से अधिक है।

