Ghaziabad: गाजियाबाद के शालीमार गार्डन इलाके में एक बिल्डर से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बिल्डर सुधीर मलिक ने शालीमार गार्डन थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए एक कॉल आई, जिसमें कॉलर ने खुद को लारेंस विश्नोई गैंग से बताते हुए दो करोड़ रुपये की मांग की।
“मिलकर चलोगे तो फायदे में रहोगे”
सुधीर मलिक ने पुलिस को बताया कि कॉलर ने धमकी भरे लहजे में कहा, “मिलकर चलोगे तो फायदे में रहोगे,” और दो करोड़ रुपये का इंतजाम करने के लिए कहा। कॉल के बाद से बिल्डर और उनका परिवार तनाव में है। पीड़ित ने पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की है, क्योंकि कॉलर ने यह भी चेतावनी दी थी कि इस कॉल को हल्के में लेने की गलती न करें।
वर्चुअल सिम से की गई कॉल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर एक्सपर्ट और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया है। अब तक की जांच में यह सामने आया है कि कॉल पुर्तगाल से की गई थी। एसीपी सलोनी अग्रवाल ने बताया कि कॉल के लिए वर्चुअल सिम का इस्तेमाल किया गया है। पुलिस अब व्हाट्सएप से संपर्क करके कॉल का आईपी एड्रेस पता लगाने की कोशिश कर रही है।
परिवार में दहशत का माहौल
रंगदारी की मांग के बाद से सुधीर मलिक का परिवार गहरे सदमे में है। परिवार का कहना है कि फोन की घंटी बजते ही सभी डर जाते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। पुलिस जल्द ही कॉलर की पहचान करने के प्रयासों में लगी है।
ये भी पढ़ें..
Noida News: नोएडा में भगवान की मूर्ति तोडने पर विवाद, भारी संख्या में पुलिसफोर्स तैनात
पुलिस की कड़ी जांच
एसीपी सलोनी अग्रवाल ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से कॉल की जानकारी इकट्ठा की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा होगा और आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

