गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन संघ ( GCMMF) द्वारा घोषित नए टैरिफ के 3 जून से लागू होने के बाद सोमवार से पूरे देश में अमूल दूध की कीमतें बढ़ा दी गई हैं।अमूल ब्रांड के तहत डेयरी उत्पादों का विपणन करने वाली जीसीएमएमएफ ने सोमवार से पूरे भारत में दूध की कीमतों में लगभग 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि कर दी है। मूल्य वृद्धि के बीच, देश की प्रमुख दूध आपूर्तिकर्ता कंपनी अमूल ने कहा कि कीमतों में मात्र 3 से 4 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
GCMMF ने बताया क्यों बढ़ाए कीमत
GCMMF ने देर रात जारी बयान में कहा 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि का मतलब एमआरपी में 3-4 प्रतिशत की वृद्धि है, जो औसत खाद्य मुद्रास्फीति से काफी कम है। मूल्य वृद्धि की घोषणा एक जून को लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान के बाद की गई थी। GCMMF ने कहा कि उसने फरवरी 2023 से प्रमुख बाजारों में ताजे पाउच दूध की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं की है। जीसीएमएमएफ ने कहा, दूध के उत्पादन और परिचालन की कुल लागत में वृद्धि के कारण कीमतों में यह वृद्धि की जा रही है। हमारे सदस्य संघों ने पिछले एक साल में किसानों के मुआवजे में भी लगभग 6-8 प्रतिशत की वृद्धि की है।
सभी वैरिएंट की कीमतें बढ़ीं
अमूल की नीति के अनुसार, उपभोक्ताओं द्वारा दूध और दूध उत्पादों के लिए भुगतान किए गए प्रत्येक रुपए में से लगभग 80 पैसे अमूल द्वारा दूध उत्पादकों को दिए जाते हैं। बयान में यह भी कहा गया है कि मूल्य संशोधन से दूध उत्पादकों को लाभकारी दूध की कीमतें बनाए रखने में मदद मिलेगी, जिससे उन्हें अधिक दूध उत्पादन के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। बयान के अनुसार, मूल्य वृद्धि के बाद अमूल ताजा दूध की एक लीटर थैली की कीमत अब 54 रुपये के बजाय 56 रुपये होगी। बयान में कहा गया है कि अमूल गोल्ड का एक लीटर अब 66 रुपये की जगह 68 रुपये में बेचा जाएगा। इसके अलावा गाय के दूध के एक लीटर पाउच की कीमत अब 57 रुपये होगी, जो 1 रुपये की बढ़ोतरी है।
दूध की कीमतों में बड़ा उछाल
दूध कंपनी ने भैंस के दूध की कीमत भी 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाकर 70 रुपये से 73 रुपये कर दी है। ताजा बढ़ोतरी के साथ, 500 मिली लीटर अमूल भैंस दूध संस्करण की संशोधित कीमत 36 रुपये हो गई है। 500 मिली लीटर अमूल गोल्ड दूध और 500 मिली लीटर अमूल शक्ति दूध का मूल्य क्रमशः 33 रुपये और 30 रुपये हो गया है।

