इजराइल में घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। फिलिस्तीन और इजरायल के बीच एक बार फिर संघर्ष शुरू हो गया है। गाजा पट्टी से इजराइल पर गुरुवार सुबह ताबड़तोड़ रॉकेट हमला हुआ। इजराइली सुरक्षा बलों ने गाजा पट्टी से छह रॉकेट दागे जाने की पुष्टि की है।
वहीं इजराइली सेना ने भी वेस्ट बैंक में ऑपरेशन चलाया, जिसमें चार बंदूकधारियों और चार नागरिकों सहित 11 फिलिस्तीनी मारे गए। इसके अलावा 100 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं। बता दें कि इजराइली डिफेंस फोर्स ने दावा किया कि गुरुवार सुबह गाजा पट्टी से दक्षिणी इजराइल में छह रॉकेट दागे गए। इनमें से पांच रॉकेट इजराइल के आयरन डोम डिफेंस सिस्टम ने इंटरसेप्ट कर उन्हें मार गिराया था। छठा रॉकेट खुले इलाके में गिरा।
इजराइल की सेना की ओर से बताया गया है कि इजराइल पर हमले की योजना बनाने के संदेह में फिलिस्तीनी चरमपंथियों को हिरासत में लेने की कोशिश की गयी। इस दौरान हुए हमले पर हुई जवाबी कार्रवाई में लोग हताहत हुए हैं। किसी इजराइली के मारे जाने या घायल होने की जानकारी नहीं मिली है।
फिलिस्तीनी चरमपंथी गुट ने भी इस घटनाक्रम की पुष्टि की है। इस गुट की ओर से कहा गया है कि उसके दो कमांडरों को इजराइली सैनिकों ने एक घर में घेर लिया था, जिसके बाद संघर्ष शुरू हुआ। धमाकों की आवाजें आईं और स्थानीय युवकों ने बख्तरबंद टुकड़ी के काफिले पर पथराव किया।
इस घटनाक्रम में दो इस्लामिक जिहाद कमांडर मारे गए हैं। चार नागरिकों में एक 72 वर्षीय बुजुर्ग और एक 14 वर्षीय लड़का भी शामिल है। सौ से अधिक लोग अस्पतालों में भर्ती हैं।

