साइबर जालसाज ने भारतीय और अमेरिकी शेयर बाजारों में निवेश के जरिए अच्छा खासा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक महिला से 70 लाख रुपये ठग लिए। जालसाजों ने कई बार पीड़िता पर और निवेश करने का दबाव बनाकर उसके खाते से पैसे ट्रांसफर कर लिए। और पैसे निवेश करने का दबाव बनाने पर जब पीड़िता को ठगी का पता चला तो उसने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस उन खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें पैसे ट्रांसफर किए गए।
शुरुआती निवेश में मुनाफा के बाद बड़ा आर्थिक नुकसान
सेक्टर-27 में रहने वाली सुदेश की शिकायत में खुलासा हुआ है कि अप्रैल में मीना, विजय शर्मा और करण मेहरा ने व्हाट्सएप के जरिए उससे संपर्क किया और शेयर ट्रेडिंग के बारे में जानकारी देने का वादा करते हुए एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने का आग्रह किया। इसके बाद जालसाज ने महिला को शेयर, ट्रेडिंग और निवेश के अवसरों के बारे में चर्चा में उलझा दिया। शुरुआती निवेश के बाद पीड़िता को कुछ मुनाफा हुआ, जिसे उसके खाते में ट्रांसफर कर दिया गया। इस दौरान पीड़िता को निवेश के लिए कई कंपनियों की जानकारी भी दी गई।
कमीशन के तौर पर 25 लाख की मांग
ज्यादा मुनाफे की चाहत में पीड़िता ने 70 लाख रुपये निवेश कर दिए। हालांकि, जब उसने पैसे निकालने का प्रयास किया तो वे नहीं मिल पाए। जालसाजों द्वारा डाउनलोड किए गए ऐप पर पीड़ित के मुनाफे सहित उसके पैसे दिखाए गए, लेकिन जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की तो पैसे नहीं निकले। पैसे निकालने में विफल होने के बाद जालसाजों ने कमीशन के तौर पर 25 लाख रुपये काटने पर जोर दिया।
व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए धोखाधरी
जब पीड़ित ने उनसे मुनाफे से कमीशन काटने के लिए कहा, तो उन्होंने मना कर दिया और पैसे ट्रांसफर करने के लिए दबाव डालना जारी रखा। इसके बाद जालसाज ने पीड़ित को व्हाट्सएप ग्रुप से निकाल दिया। बाद में, पीड़ित को पता चला कि ग्रुप के सौ सदस्य साइबर धोखाधड़ी में लगे एक गिरोह का हिस्सा थे, जो निवेश करने के लिए सुदेश को लुभाने के लिए मुनाफे के स्क्रीनशॉट साझा कर रहे थे।

