Fact Check : सोशल मीडिया और यूट्यूब पर हाल ही में एक फर्जी दावा तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कहा जा रहा है कि केंद्र सरकार ने “फ्री स्कूटी योजना 2024” के तहत देशभर की लड़कियों को मुफ्त स्कूटी देने की घोषणा की है। इसके अलावा, यूट्यूब चैनल और पोस्ट में आवेदन प्रक्रिया भी बताई जा रही है, जिससे कई लोग भ्रमित हो रहे हैं।
क्या है वायरल दावा?
एक यूट्यूब चैनल ने वीडियो के थंबनेल में दावा किया कि “फ्री स्कूटी योजना 2024” के तहत सभी परिवारों को मुफ्त स्कूटी दी जाएगी। यह दावा देखने और सुनने में बेहद आकर्षक है और इसमें आवेदन करने के तरीके तक की जानकारी दी गई है।
पीआईबी फैक्ट चेक ने किया खुलासा
भारत सरकार की प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) द्वारा किए गए फैक्ट चेक में यह स्पष्ट किया गया है कि यह दावा पूरी तरह फर्जी और भ्रामक है। केंद्र सरकार ने ऐसी कोई योजना शुरू नहीं की है और न ही इस तरह का कोई प्रस्ताव विचाराधीन है।
फर्जी दावों की सूची बढ़ रही है
गौरतलब है कि वायरल हो रही यह “फ्री स्कूटी योजना” अकेला भ्रामक दावा नहीं है। उसी यूट्यूब चैनल ने पहले “मुफ्त वाशिंग मशीन योजना” के नाम से भी एक फर्जी दावा किया था, जिसमें कहा गया था कि करोड़ों परिवारों को फ्री में वाशिंग मशीन दी जाएगी। इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगाकर इसे विश्वसनीय दिखाने की कोशिश की गई थी।
सावधान रहें और जागरूक बनें
इस तरह के भ्रामक दावे आपको भ्रमित कर सकते हैं, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है। सरकार द्वारा शुरू की गई किसी भी नई योजना की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें। सोशल मीडिया और यूट्यूब पर वायरल हो रही किसी भी सूचना की सच्चाई जानने के लिए PIB फैक्ट चेक जैसे विश्वसनीय माध्यमों का उपयोग करें।

