प्रयागराज में हुए उमेश पाल के एक शूटर का एनकाउंटर कर दिया गया है। प्रयागराज के धूमनगंज में शूटर अरबाज को मार गिराया। पुलिस की दबिश के दौरान अरबाज वारदात में इस्तेमाल कार चला रहा था। पुलिस पहले ही अतीक अहमद के दोनों बेटों को जेल भेज चुकी है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान अरबाज के दो साथी भागने में कामयाब रहे। बताया जा रहा है कि अरबाज अतीक का काफी करीबी था। उमेश पाल को लेकर प्रयागराज पुलिस के ऊपर काफी दबाव था। इस एनकाउंटर ने हलचल मचा दी है।
पुलिस ताबड़तोड़ एक्शन में लगी हुई है, बाकी के आरोपियों को खोजने के लिए पुलिस और एसटीएफ की 10 टीमें लगातार छापेमारी और चेकिंग कर रही है। हत्यारों को पकड़ने के लिए प्रयागराज से बाहर जाने वाले रास्तों पर पुलिस विशेष चेकिंग अभियान चला रही है। इस बीच सूत्रों से ये भी खबर सामने आई है कि यूपी पुलिस ने गुजरात की साबरमती जेल में बंद अतीक अहमद से भी पूछताछ की तैयारी कर ली है। सूत्रों का कहना है कि अतीक अहमद ने ही हत्याकांड की साजिश रची थी।
यूपी के विधानसभा सत्र में सीएम योगी ने कहा था कि यूपी में सभी माफियाओं को मिट्टी में मिला देंगे ऐसे में इस एनकाउंटर से ये बात तो साफ हो गई कि योगी जो बोलते हैं वो पूरा करते हैं। बता दें कि उमेश पाल हत्याकांड में शामिल आरोपियों की पुलिस तलाश में जुटी हुई थी। उमेश पाल और उनके सुरक्षाकर्मी संदीप निषाद की शुक्रवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हमले में घायल हुए पाल के दूसरे सुरक्षाकर्मी राघवेंद्र सिंह को गंभीर हालत में यहां एसआरएन (स्वरूपरानी नेहरू) अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

