राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख और पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती जार रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने आज लालू प्रसाद यादव के परिवार समेत उनसे जुड़े बिहार, दिल्ली व मुंबई स्थित 15 ठिकानों पर छापेमारी की है। इसके अलावा पूर्व राजद विधायक और बिल्डर सैयद अबू दोजाना के फुलवारी शरीफ स्थित आवास पर भी छापेमारी की कार्रवाई चल रही है। बता दें कि अबू दोजाना राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के काफी करीबी माने जाते हैं। वे लालू परिवार के पटना के सगुना मोड़ स्थित बन रहे बिहार के सबसे बड़े मॉल का काम देख रहे थे। दरअसल जिस अबू दोजाना के घर ईडी की छापेमारी हुई है, उनपर लालू परिवार की कई और कारोबारी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगते रहे हैं।
एक साथ 15 ठिकानों पर छापेमारी
बता दें कि जमीन के बदले नौकरी मामले में ईडी ने यह बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में एक साथ 15 ठिकानों पर छापेमारी की है। ईडी की छापेमारी दिल्ली में लालू प्रसाद की बेटियों के आवास पर भी की जा रही है। लालू यादव की तीन बेटियां हेमा, रागिनी और चंदा का घर दिल्ली में है, जिनके घर पर ईडी की टीम मौजूद है। बिहार के उप मुख्यमंत्री और लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव के दिल्ली आवास पर भी ईडी की टीम पहुंची है। इसके अलावा गुरुग्राम में एक प्राइवेट बिल्डर के दफ्तर समेत बिहार में अलग-अलग शहरों में चल रही है।
गौरतलब है कि लालू प्रसाद के रेल मंत्री रहने के दौरान ‘नौकरी के बदले जमीन’ मामले में सीबीआई की एक टीम ने सोमवार को पटना में राबड़ी आवास पर बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से पूछताछ की थी। उसके अगले दिन ही लालू यादव की बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती के आवास पर लालू और मीसा भारती से पूछताछ की गयी थी। बता दें कि केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने नौकरी के बदले जमीन मामले में पहले ही आरोप-पत्र दाखिल कर दिया है। इस मामले में विशेष अदालत ने लालू प्रसाद और उनके परिवार के सदस्यों सहित अन्य सभी आरोपियों को 15 मार्च को तलब किया है।

