राजधानी दिल्ली में हुए शराब घोटाला मामले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय ने एक बड़ा कदम उठाया है। जाँच एजेंसी ने अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव को समन भेजा है। प्रवर्तन निदेशालय ने यह समन शराब घोटाले की चल रही जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए भेजा है। बता दें कि इससे पहले इस मामले में सीबीआई ने दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन तक से पूछताछ कर चुकी है। सीबीआई भी इस मामले की जांच कर रही है।
सिसोदिया को सीबीआई का समन
गौरतलब है कि जब शराब घोटाला मामले में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने तलब किया था तब सिसोदिया ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला था। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार ने मेरे खिलाफ ईडी, सीबीआई समेत कई एजेंसियां लगा रखी है। कई बार छापे भी मारे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सबूत नहीं मिला है। उप मुख्यमंत्री सिसोदिया ने आगे कहा कि मैंने जांच में सहयोग किया है और आगे भी जारी रखूंगा।
केजरीवाल ने बताया साजिश
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आबकारी नीति में घोटाले की बात का खंडन किया है। उन्होंने इसे सरासर झूठ बताया है। उन्होंने कहा कि इस नीति में कोई भी घोटाला नहीं हुआ है। पंजाब का उदहारण देते हुए उन्होंने कहा कि यही नीति पंजाब में भी लागू है जहां 40 फीसद से भी ज्यादा के राजस्व में बढ़ोतरी हुई है।
यह है मामला
बता दें कि राजधानी में 17 नवंबर 2021 को दिल्ली सरकार द्वारा नई शराब नीति लागू की गई थी। इस नीति के तहत कई नई दुकानों को खोलने की मंजूरी दी गई थी और कुल 849 दुकानें खुलनी थी। इस नीति में सभी शराब दुकानों को प्राइवेट कर दिया गया था। विपक्षी पार्टी भाजपा ने इस नीति के लागू होने के बाद आरोप लगाया है कि इससे जनता और सरकार दोनों को नुकसान हो रहा था। जिसके बाद ईडी और सीबीआई ने अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।

