ED Summon: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शराब नीति मामले में 19 फरवरी को पूछताछ के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को छठा समन जारी किया है। सीएम अरविंद केजरीवाल को दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है. इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री को पहले भी पांच बार तलब किया जा चुका है, लेकिन वह एक बार भी जांच में शामिल नहीं हुए.
इससे पहले 2 फरवरी को ईडी के पांचवें समन के बाद भी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए थे, जिसके बाद ईडी ने समन का पालन नहीं करने पर उनके खिलाफ नया मामला दर्ज किया था. आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने बार-बार दावा किया है कि ईडी के समन राजनीति से प्रेरित और अवैध है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी की मंशा उन्हें चुनाव प्रचार में हिस्सा लेने से रोकना है.
अब तक पांच बार तलब किया गया
दिल्ली के मुख्यमंत्री को पहली बार 2 नवंबर, 2023 को बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने इसे राजनीति से प्रेरित बताते हुए नजरअंदाज कर दिया और इसके बजाय मध्य प्रदेश के सिंगरौली में एक रैली को संबोधित करने चले गए। इसके बाद ईडी ने उन्हें 21 दिसंबर 2023 को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया था. उस वक्त केजरीवाल पंजाब के होशियारपुर में एक कार्यक्रम में थे और फिर पेश नहीं हुए.
इसके बाद उन्हें 3 जनवरी, 18 जनवरी और फिर 2 फरवरी 2024 को समन भेजा गया, लेकिन वह ईडी के सामने पेश नहीं हुए. सीबीआई की चार्जशीट के मुताबिक, आम आदमी पार्टी को शराब नीति को अंतिम रूप देने के लिए 100 करोड़ रुपये की रिश्वत मिली थी और इस पैसे का एक बड़ा हिस्सा पार्टी ने अपने गोवा चुनाव अभियान में इस्तेमाल किया था.
मनीष सिसोदिया और संजय सिंह जेल में
यह भी कहा गया है कि इन कथित अनियमितताओं में कुछ अन्य समूह भी शामिल हैं. इस मामले में जांच एजेंसी अब तक आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेता पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है, जो पिछले एक साल से जेल में हैं.

