नई दिल्ली : कथित दिल्ली शराब मामले में आप के शीर्ष नेताओं की गिरफ़्तारी के बाद ED को एक और सफलता मिली है।ईडी ने दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गोवा विधानसभा चुनाव के दौरान कथित तौर पर आप फंड का प्रबंधन करने वाले चनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है।
पॉलिसी मामले में अब तक 17वीं गिरफ्तारी
मीडिया सूत्रों के मुताबिक ईडी ने सोमवार को चनप्रीत सिंह को गोवा से गिरफ्तार किया। उसके बाद सिंह को 18 अप्रैल तक ईडी की हिरासत में भेज दिया गया। गौरतलब है कि अब खत्म हो चुके पॉलिसी मामले में ईडी द्वारा की गई यह 17वीं गिरफ्तारी है। इससे पहले भी चनप्रीत सिंह को इसी मामले में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। मनी लॉन्ड्रिंग का मामला सीबीआई की एफआईआर से उपजा है। मीडिया सूत्रों की माने तो चनप्रीत मई से जून 2021 से मार्च 2022 तक फ्रीलांस तौर पर AAP के कार्यकर्ता थे।
गोवा चुनाव का खर्च पार्टी के दिल्ली कार्यालय द्वारा : ED
हाल ही में अपने रिमांड आवेदन में, ईडी ने कहा कि 2022 के गोवा विधानसभा चुनावों में AAP उम्मीदवार का एक बयान प्राप्त किया गया था, जिससे पता चला कि उनके चुनाव खर्च का ख्याल पार्टी के दिल्ली कार्यालय द्वारा किया गया था। ईडी के अनुसार दिल्ली शराब मामले से प्राप्त 45 करोड़ रुपये की रकम का इस्तेमाल गोवा में आप के चुनाव अभियान में किया गया था।
ED के पास 45 करोड़ रुपये के हवाला ट्रांसफर के सबूत
ईडी ने इससे पहले कहा था कि अरविंद केजरीवाल से हिरासत में पूछताछ के दौरान उन्हें करीब 45 करोड़ रुपये के हवाला ट्रांसफर के सबूत दिखाए गए थे। जो कथित तौर पर गोवा में एक हवाला फर्म के कॉल विस्तृत रिकॉर्ड और आईटी द्वारा जब्त किए गए डेटा से इसकी पुष्टि होती है।

